10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

JDA Action: जयपुर में 140 करोड़ की 70 बीघा सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त, विकसित की जा रही 3 अवैध कॉलोनियां भी ध्वस्त

जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को जयपुर में बड़ी कार्रवाई की है। जेडीए की प्रवर्तन शाखा ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 140 करोड़ रुपए मूल्य की 70 बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि को को अतिक्रमण मुक्त करवाया है।

2 min read
Google source verification
JDA Action

जयपुर में अवैध कॉलोनियों पर जेडीए की कार्रवाई। फोटो पत्रिका नेटवर्क

JDA Action: जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई की है। जेडीए का पीला पंजा बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जमकर गरजा। जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के कड़े निर्देशों पर जेडीए की प्रवर्तन शाखा ने एक ही दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 140 करोड़ रुपए मूल्य की 70 बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि को को अतिक्रमण मुक्त करवाया है। इसके साथ ही जेडीए ने करीब 42 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना प्रशासनिक स्वीकृति के बसाई जा रही तीन नवीन अवैध कॉलोनियों को प्रारंभिक स्तर पर ही पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

चरागाह भूमि पर चला पीला पंजा

उप महानिरीक्षक पुलिस एवं मुख्य प्रवर्तन अधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि जेडीए ने 8 जेसीबी मशीनों और लगभग 50 कार्मिकों की मदद से इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रवर्तन दस्ते ने सबसे बड़ी कार्रवाई जोन-10 क्षेत्र में की। यहां ग्राम गोविंदपुरा उर्फ रोपाड़ा, सुमेल और बगराना में स्थित लगभग 70 बीघा बेशकीमती सरकारी चरागाह भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। जेडीए ने यहां प्लॉटों की बनाई गई बाउंड्रीवाल, टीनशेडनुमा निर्माण, निर्माणाधीन ढांचे और अन्य सभी अवैध निर्माणों को जेसीबी और मजदूरों की सहायता से पूरी तरह जमींदोज कर दिया। मुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 140 करोड़ रुपए आंका गया है।

बिना कनवर्ट कराए बसा रहे थे कॉलोनियां

जेडीए दस्ते ने सरकारी जमीन को मुक्त कराने के साथ ही निजी खातेदारी की कृषि भूमि पर बिना भू-रूपांतरण (कनवर्जन) और बिना किसी जेडीए स्वीकृति-अनुमोदन के बसाई जा रही तीन नई कॉलोनियों के मंसूबों को भी ध्वस्त कर दिया। जोन-12 के ग्राम सरना डूंगर में लगभग 10 बीघा कृषि भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण को ढहाया गया। जोन-17 के ग्राम खोरा बिसल में करीब 4 बीघा भूमि पर अवैध बसावट के प्रयास को विफल किया गया। जोन-19 के ग्राम बोराज (जोबनेर रोड) पर लगभग 28 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी को मलबे में तब्दील किया गया।

इन सभी अवैध कॉलोनियों में बनाई गई मिट्टी-ग्रेवल की सड़कों को उखाड़ दिया गया और बाउंड्रीवाल को ढहा दिया गया। अधिकारियों ने साफ किया है कि इस पूरी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर हुए खर्च (मजदूरी व जेसीबी का व्यय) की वसूली संबंधित खातेदारों और अवैध कॉलोनी बसाने वाले जिम्मेदारों से नियमानुसार सख्ती से की जाएगी।

इस संयुक्त टीम की देखरेख में हुआ एक्शन

यह पूरी ताबड़तोड़ कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के नजदीकी पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई। कार्रवाई के दौरान उपनियंत्रक प्रवर्तन (प्रथम, द्वितीय एवं चतुर्थ), संबंधित जोनों के प्रवर्तन अधिकारी, राजस्व व तकनीकी स्टॉफ तथा जेडीए का भारी पुलिस जाब्ता संयुक्त रूप से मौके पर मौजूद रहा।

यहां दें अवैध कब्जों की सूचना

जयपुर विकास प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को व्यवस्थित रखने में सहयोग करें। यदि कहीं भी अवैध निर्माण, अतिक्रमण या अवैध कब्जे हो रहे हों, तो उसकी सूचना तुरंत जेडीए कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 0141-2565800, 0141-2575252, 0141-2575151, राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 अथवा जेडीए की आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से देकर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाएं। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।