
गोवर्धन धाम मार्ग पर सेवा शिविरों में जुटे हजारों स्वयंसेवक टोडाभीम. गोवर्धन धाम की ओर उमड़ रहे श्रद्धालुओं की सेवा में उपखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों स्वयंसेवक पूरे समर्पण भाव से जुटे हुए हैं। डीग जिले के पूंछरी के लोठा क्षेत्र में स्थापित एक दर्जन से अधिक विशाल सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और मानवता का प्रेरक उदाहरण बने हुए हैं। यहां पदयात्रियों को चौबीसों घंटे ठंडा पेयजल, भोजन, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उपखंड क्षेत्र के नंदीपुर, मान्नौज, खेड़ी, नांगल शेरपुर, भैसा, झाड़ीसा, पाडला, अनंतपुरा, टोड़ी खोहरा, नांगललाट सहित दर्जनों गांवों से पहुंचे स्वयंसेवक विभिन्न दलों में सेवा कार्यों का संचालन कर रहे हैं। वे पेयजल वितरण, भंडारे की व्यवस्था, भोजन परोसने, स्वच्छता बनाए रखने, यातायात व्यवस्था में सहयोग तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने जैसे कार्यों में सक्रिय हैं। सेवा शिविरों का प्रमुख आकर्षण भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिनों में गुरु पूर्णिमा है और सावन का महीना शुरू होने वाला है। जिसके तहत श्रद्धालु काफी संख्या में आना शुरू हो गए हैं।