जयपुर

लीड…….. देवशयनी एकादशी पर मंदिरों में हुए धार्मिक कार्यक्रम, सजाई झांकी

Jul 26, 2026
Rajasthan

कुड़गांव. कस्बे के जयनगर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में शनिवार को देवशयनी एकादशी का पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाबा श्याम, भगवान राम और भगवान नृसिंह की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें पुष्पमालाओं से सजाया गया।



सुबह मंगला आरती के साथ ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया। पूरे दिन मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया तथा बाबा श्याम का मनोहारी श्रृंगार किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।



इस अवसर पर महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं ने एकादशी का व्रत रखकर दिनभर भजन-पूजन और आराधना की।



धार्मिक मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का शुभारंभ होता है।



शनिवार को एकादशी होने के कारण कस्बे के टीले वाले हनुमान मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने दर्शन-पूजन कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

Updated on:
26 Jul 2026 06:01 am
Published on:
26 Jul 2026 06:01 am