
राहौरी.ग्राम पंचायत लांगड़ियावास क्षेत्र में श्वानों के हमले में गंभीर घायल तीन वर्षीय मासूम अनन्या पुत्री राहुल मीणा की गुरुवार सुबह जयपुर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी अनुसार बुधवार को कचरा प्लांट के पास मकान के बाहर खेल रही मासूम पर करीब 10 से 15 श्वानों ने हमला कर दिया था। जिससे वह गंभीर घायल हो गई थी। परिजन उपचार के लिए जयपुर ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। गणेश बड़गोती, राहुल मीणा सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कचरा प्लांट में खाद्य अपशिष्ट पहुंचने से क्षेत्र में श्वानों की संख्या बढ़ रही है। कचरा बिखरने से गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने श्वानों पर नियंत्रण, कचरे के सुरक्षित परिवहन और प्लांटों की निगरानी की मांग की है। ग्राम पंचायत लांगड़ियावास की प्रशासक बिमला देवी मीणा ने कहा कि बच्ची की कुत्ते के काटने से मौत होने की जानकारी नहीं है। यदि कचरा बिखर रहा है तो इसकी जांच करवाई जाएगी। वहीं बलराम मीना एक्सईएन नगर गैराज जयपुर ने कहा कि यदि कचरा बिखर रहा है तो इसकी जांच करवाई जाएगी।