जयपुर

Rajasthan Politics: ‘मंत्रियों से ज्यादा डोटासरा, जूली की चलती है’, कोटा में गरजे डोटासरा; बोले- ‘पपेट CM बैठा दिया’

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली शनिवार को कोटा में पार्टी की संविधान बचाओ रैली में शामिल हुए।
2 min read
Jun 01, 2025
govind singh dotasara
फोटो- (गोविंद सिंह डोटासरा एक्स हैंडल)

Save Constitution Rally: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली शनिवार को कोटा में पार्टी की संविधान बचाओ रैली में शामिल हुए। डोटासरा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा आरक्षण समाप्त करना चाहती है। इस पर राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना लागू करने की बात कही। उनकी सरकार बनने पर देश में जितने एससी-एसटी और ओबीसी के लोग हैं, उस अनुसार उन्हें आरक्षण दिया जाएगा। भाजपा संविधान का दुरुपयोग कर रही है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रित तरीके से मुख्यमंत्री चुनने की जगह पर्ची से मुख्यमंत्री की घोषणा की गई। महिला आरक्षण का कानून बनाने के बाद उसकी पालना नहीं हो रही। भाजपा सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल में प्रदेश के विकास के काम ठप हो गए। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान में सीजफायर की घोषणा अमरीका कर रहा है। इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे। अपनी मजबूत नीति से पाकिस्तान के 92 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण पर मजबूर कर दिया था।

भाजपा पदाधिकारी की कोई नहीं सुन रहा

डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में सीएम की बैठक में मुख्य सचिव नहीं होते। मंत्रिमंडल की बैठक में विभागीय सचिव नहीं होते है। सर्वदलीय बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नहीं होते है। भाजपा पदाधिकारी की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। विधायकों की बात मुख्यमंत्री नहीं सुन रहे हैं। मंत्रियों की अधिकारी नहीं सुन रहे। मंत्रियों से ज्यादा तो डोटासरा और टीकाराम जूली की चलती है। प्रदेश में पपेट मुख्यमंत्री बैठा दिया गया है। मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की गुजरात में क्लास ली गई है।

जूली ने कहा कि भाजपा सरकार के पास गरीबों की पेंशन देने के लिए पैसे नहीं हैं। उनके पास गरीबों के इलाज के पैसे नहीं हैं। कृषि मंत्री के जिले में नकली खाद बिक रहा है। भाजपा लोकतंत्र की पालना नहीं कर रही। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों के साथ द्वेषतापूर्ण कार्रवाई करते हुए अलोकतांत्रित तरीके से हटाया जा रहा है। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रविन्द्र त्यागी, देहात अध्यक्ष भानुप्रतापसिंह ने भी संबोधित किया।

कानून व्यवस्था चौपट

डोटासरा ने कहा भाजपा राज में 15 महीने तक किसान सड़क पर बैठा रहा। एक हजार किसानों की जान चली गई, लेकिन सरकार ने किसानों को दिल्ली में घुसने से रोकने के लिए कांटे बिछा दिए। प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही।

Updated on:
01 Jun 2025 10:37 am
Published on:
01 Jun 2025 10:37 am