जयपुर

सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश लैंग्वेज इम्प्रूवमेंट की लगेंगी क्लास

6 से 20 जून तक लगेंगी कक्षाएं, कक्षाएं होंगी नि:शुल्क
2 min read
• •
Updated: 30 May 2018, 11:20 AM IST
English Language Improvement for Students of Government Colleges
English Language Improvement for Students of Government Colleges

जयपुर। प्रदेशभर के राजकीय महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब कॉलेज शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा में सुधार के प्रयास कर रहा है। कॉलेज के विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा में लिखना और बोलना भी सिखाया जाएगा। इसी के तहत सरकारी कॉलेजों महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए समर कैंप प्रोग्राम शुरू किया जा रहा है, जिसमें इंग्लिश लैंग्वेज इम्प्रूवमेंट के लिए विशेष कक्षाएं लगेंगी। सभी सरकारी कॉलेजों में ये कक्षाएं लगाई जाएंगी। इस योजना के तहत अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा।

6 से 20 जून तक चलेंगी कक्षाएं
ये कक्षाएं 6 से 20 जून तक चलेंगी। कॉलेज आयुक्त आशुतोष ए.टी.पेडणेकर ने बताया कि इन कक्षाओं से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं व साक्षात्कार आदि की तैयारी करने में सुविधा मिलेगी। इन कक्षाओं में अंग्रेजी भाषा कौशल एवं संवाद कौशल सिखाया जाएगा। समर कैंप में विद्यार्थियों को बोलने और लिखने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रतियोगी परिक्षाओं में उन्हें कोई भी परेशानी न हो।

रोज लगेंगी 3 घंटे कक्षा
इन कक्षाओं का समय प्रतिदिन 3 घंटे रहेगा। इनका समय कॉलेज अपने स्तर पर तय कर सकेंगे। सभी कॉलेजों को गर्मी के लिए विशेष इंतजाम करने होंगे।

नि:शुल्क होगा कोर्स
इंग्लिश लैंग्वेज इम्प्रूवमेंट के लिए कक्षाएं पूरी तरह नि:शुल्क होगी। इन कक्षाओं में कोर्स के लिए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार को कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा।

40 ये अधिक विद्यार्थी तो दूसरा बैच
एक बैच में 40 से अधिक विद्यार्थी नहीं होने चाहिए। 40 से अधिक विद्यार्थी होने पर दूसरा बैच शुरू किया जाएगा। इन कक्षाओं में कॉलेज में कार्यरत अंग्रेजी विषय के संकाय सदस्यों ही अध्ययन कराएंगे। कॉलेज में इंग्लिश लैंग्वेज इम्प्रूवमेंट कक्षाएं शुरू करने से पहले इसकी पूरी जानकारी कालेज प्राचार्य को आयुक्त कॉलेज शिक्षा के नवाचार प्रकोष्ठ को ई—मेल के जरिए देनी होगी। यह सूचना 4 जून तक हर हाल में भेजनी होगी।
प्रदेश में 219 सरकारी कॉलेज हैं, जिनमें करीब पौने 4 लाख से अधिक विद्यार्थी हैं। विभाग ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इंग्लिश लैंग्वेज इम्प्रूवमेंट की कक्षाएं ज्वाइन करने को कहा है। अब विभाग के सभी अधिकारी, कॉलेज प्राचार्य और प्रोफेसर्स इसी जुगत में लगे हैं कि आखिर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन कक्षाओं का लाभ आखिर कैसे मिले।

Published on: