Union Budget 2026: मोदी सरकार के केंद्रीय बजट से जनता को बड़ी राहत और नई सौगातों की उम्मीद है।
Union Budget 2026: जयपुर/शाहपुरा। मोदी सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले केंद्रीय बजट से शाहपुरा क्षेत्र के लोगों को भी उम्मीदों की आस है। इसको लेकर टाॅक शो के माध्यम से आमजन से केंद्रीय बजट को लेकर परिचर्चा की गई।
जिसमें लोगों ने बेबाक रूप से रोजगार, व्यापार, शिक्षा, सड़क सहित अनेक मुद्दों पर सुझाव रखे। परिचर्चा के दौरान लोगों ने कहा कि यदि शाहपुरा को रेल मार्ग से जोड़ा जाता है तो न केवल क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
आरके ग्रुप जन सेवा समिति अध्यक्ष रोहिताश भडाणा ने कहा कि क्षेत्र में रोजगार का अभाव है। क्षेत्र में रोजगार के लिए वृहद औद्योगिक इकाईयों की स्थापना होनी चाहिए।
शाहपुरा युवा विकास मंच के अध्यक्ष राजेश मंडोवरा ने कहा कि सीकर व शेखावटी की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही के लिए शहर के बाहर से हाईवे का निर्माण किया जाना चाहिए ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
शाहपुरा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी कम्पोजीशन को एक प्रतिशत से घटाकर आधा प्रतिशत करना चाहिए ताकि व्यापारी वर्ग को राहत मिल सकेगी।
क्लोथ मर्चेंट यूनियन अध्यक्ष कैलाश अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार को जीएसटी को और सरलीकरण करना चाहिए। शाहपुरा क्षेत्र को रेल लाइन से जोड़ा जाना चाहिए ताकि क्षेत्र का विकास हो और रोजगार और व्यापार के क्षेत्र में बढ़ोतरी हो सकें।
मेडिकल से जुड़े महेंद्र अग्रवाल ने व्यापारियों को प्रोत्साहन करने की योजनाएं लागू करनी चाहिए। सर्राफा व्यापार मंडल अध्यक्ष मामराज सोनी ने कहा कि सोने-चांदी के भाव आसमान छूने से दोनों धातुएं आम आदमी से दूरी होती जा रही है।
इनके भावों पर अंकुश लगाया जाए और जीएसटी भी कम की जाए व आभूषणों के निर्यात को बढ़ावा दिया जाए। महेश ढिलाण, रोहित चेची, गोपाल छावड़ी आदि ने कहा कि यहां पर केंद्रीय विद्यालय व नवोदय विद्यालय की स्थापना होनी चाहिए।
पूर्व पार्षद रामावतार गुर्जर, विपिन बिहारी सैनी ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने की योजना पर भी काम होना चाहिए। सोहनलाल सिसोदिया, गोवर्धन लाल सिसोदिया ने कहा कि सरकार को डीजल पेट्रोल के दामों में भी कटौती करनी चाहिए।
जीतू सैनी, गोपाल चेलरवाल, जयमल किलादार, नरेश लोमोड, मदन, हरसहाय गुर्जर आदि ने कहा कि शाहपुरा क्षेत्र ट्रक व्यवसाय का बड़ा हब है। केंद्र सरकार को शाहपुरा को ट्रांसपोर्ट हब घोषित करना चाहिए।
साथ ही लोगों ने जयपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित दिल्ली तिराहे पर अधूरे पड़े फ्लाईओवर का कार्य भी जल्दी से शुरू करवाने की मांग उठाई। टाॅक शो में प्रहलाद सिसोदिया, सीताराम मेहरा, रामधन, सौरभ सिसोदिया, लकी, ऋषि, रौनक, दीपक आदि ने भी कई मुद्दों पर विचार रखें।