जयपुर

Jaipur Hit And Run Case: पिता और छोटी बहन की मौत के बाद मां से लिपट गया मासूम, तेज रफ्तार कार ने उजाड़ दिए 2 परिवार

Rajasthan Road Accident: जयपुर के सांगानेर इलाके में तेज रफ्तार कार ने 3 जगह टक्कर मारी, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 3 साल की मासूम बच्ची और उसके पिता समेत एक अन्य व्यक्ति की जान गई और कई लोग घायल हुए।
3 min read
Aug 11, 2026
death in jaipur hit and run case
मृतक पिता-पुत्री की फाइल फोटो: पत्रिका

रविवार की आधी रात। सड़कें सुनसान थीं और शहर नींद के आगोश में था, तभी सांगानेर इलाके में 120 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ती एक बेकाबू कार यमदूत बनकर उतरी। शराब के नशे में धुत चालक ने सड़क पर ऐसा खूनी तांडव मचाया, जिसकी आवाज और चीख-पुकार से पूरा इलाका सहम उठा। एक के बाद एक तीन जगह वाहनों को रौंदती हुई भागी कार ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। इस भयावह हादसे में 3 साल की मासूम बच्ची और उसके पिता समेत 3 लोगों की सांसें थम गईं, जबकि एक बेबस मां अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। मामले में पुलिस ने कार जब्त कर ली है और कार चालक सूरज उर्फ संदीप को गिरफ्तार कर लिया है।

बेहतर जिंदगी की आस लेकर जयपुर आया था विष्णु, बेटी संग मौत

पहला हादसा रात करीब 12:30 बजे सांगानेर स्टेडियम के पास हुआ। भरतपुर के रूपवास निवासी विष्णु गोयल (35) अपनी पत्नी श्वेता (32), 5 साल के बेटे चिराग और 3 साल की बेटी सृष्टि को बाइक पर बैठाकर अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार से मिलकर प्रताप नगर स्थित घर लौट रहे थे। चचेरे भाई अंकुर के अनुसार विष्णु 8 महीने पहले ही गांव छोड़कर जयपुर आए थे और दुर्गापुरा में चाट का ठेला लगाकर परिवार को पाल रहे थे। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। तेज धमाके के साथ पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा। सीसीटीवी के फुटेज में दिखा कि टक्कर लगते ही सामने से आ रहा अनियंत्रित ट्रेलर सड़क पर गिरे विष्णु और 3 साल की मासूम सृष्टि को कुचलता हुआ निकल गया। दोनों ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सड़क पर बिखरे खून और तड़पती मां श्वेता के बीच 5 साल का मासूम चिराग बदहवास होकर अपनी मां से लिपटकर बिलखता रहा। उसकी चीखें वहां मौजूद हर शख्स का कलेजा चीर रही थीं। अस्पताल में भी वह अपनी मां को छोड़ने को तैयार नहीं था जिसे रिश्तेदारों ने किसी तरह संभाला। श्वेता गंभीर हालत में ट्रोमा सेंटर में भर्ती है।

सांगासेतु पर भी बाइक सवार को मारी टक्कर

मासूम और उसके पिता को रौंदने के बाद भी शराबी चालक नहीं रुका। सांगासेतु के पास भागती कार ने बाइक कैब चालक आकाश गुर्जर और उसके साथी लक्ष्य को भी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर से दोनों सड़क पर जा गिरे। दोनों घायलों का एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिवार के पास लौट रहे थे राजेन्द्र, मौत

सांगानेर थाने के सामने मोड़ पर बेकाबू कार ने अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे सचिवालय नगर निवासी राजेन्द्र सिंह (43) की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। राजेन्द्र मानसरोवर स्थित शराब की एक दुकान पर नौकरी करते थे और देर रात हिसाब-किताब निपटाकर अपने परिवार के पास लौट रहे थे। इस भीषण टक्कर में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हल्दीघाटी गेट के पास घेराबंदी कर कार को रोका

लगातार तीन हादसों के बाद भी चालक कार भगाता रहा और रास्ते में एक अन्य कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की और टोंक रोड स्थित हल्दीघाटी गेट के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया।

जांच में सामने आई लापरवाही

  • नशे में धुत था चालक: फरीदाबाद निवासी जगमोहन सिंह के नाम दर्ज इस कार को उत्तर प्रदेश की ट्रैवल एजेंसी में काम करने वाला सूरज उर्फ संदीप चला रहा था। पुलिस की मेडिकल में उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। कार में उसके दो साथी (इंद्रजीत व साजन) भी सवार थे।
  • रफ्तार की पुरानी आदत: जिस कार ने तीन जिंदगियां लीं, उसके अत्यधिक तेज गति के पहले भी दो चालान हो चुके थे।
Updated on:
11 Aug 2026 08:14 am
Published on:
11 Aug 2026 07:53 am
Also Read
View All