जयपुर

खेल दिवस विशेष: किसान की बेटी प्रियंका बनीं गोल्डन गर्ल, अब अंतरराष्ट्रीय पदक का सपना सिकराय

Aug 29, 2026
Rajasthan

सिकराय। कंचनपुरा गांव की राष्ट्रीय तीरंदाज प्रियंका मीणा ने संघर्ष, मेहनत और अनुशासन के दम पर युवाओं के लिए प्रेरणा की मिसाल कायम की है। साधारण किसान परिवार से निकलकर वर्ष 2016 में राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल बनीं और अब हेड कांस्टेबल के रूप में सेवा देते हुए तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं। प्रियंका ने पुलिस राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के साथ 2021, 2022 और 2023 में राजस्थान के लिए स्वर्ण पदक हासिल किए। खेलो इंडिया में दो स्वर्ण, 2024 की 12वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता में रजत तथा दिसंबर 2024 की 13वीं प्रतियोगिता में 50 मीटर व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर दौसा और राजस्थान पुलिस का नाम रोशन किया। तीन अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेने के बावजूद चयन नहीं होने पर भी उन्होंने हार नहीं मानी। प्रियंका का सपना भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय पदक जीतना है। उनका संदेश है—"मोबाइल छोड़ो, मैदान से जुड़ो; नशे से दूर रहो, खेल अपनाओ।"

Updated on:
01 Sept 2026 02:38 pm
Published on:
29 Aug 2026 06:01 am