
जयपुर . आर्थिक तंगी के कारण मासूम बेटे के इलाज में असमर्थ होकर मौत को गले लगाने वाले पिता के सपने को पूरा करने के लिए पत्रिका के पाठक आगे आ गए हैं। पत्रिका में उसके मासूम बेटे कृष्णा की बीमारी व पत्नी संतोष की लाचारी की मंगलवार को खबर सामने आने के बाद पाठक मदद के लिए गांधी पथ नित्यानंद नगर स्थित उसके घर तक पहुंच गए। नौ माह के कृष्णा का जेके लोन अस्पताल में 14 मई को किडनी का ऑपरेशन होना है। संतोष के पास खाने के भी पैसे नहीं हैं। एेसे में वह मासूम का इलाज कैसे कराती। पहले ही दिन 50 हजार रुपए मददगारों से मिले। कुछ लोग संतोष सेे मिले और बच्चे की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने आर्थिक मदद के साथ उसकी आगे की परवरिश, महिला को नौकरी दिलवाने तक की बात कही।
गरीबी आ रही थी आड
परचूनी की दुकान पर काम करने वाला प्रवेश सैन (26) गरीबी के कारण बच्चे का उचित उपचार नहीं करवा पा रहा था। पैसों की तंगी के कारण वो तनाव में था। अंतत: उसने परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
पाठक बोले सक्षम को मदद करनी चाहिए
जगतपुरा से आए राजेंद्र शर्मा उनकी पत्नी राधा का कहना था कि अखबार पढ़ते ही तय हो गया था कि हमें क्या करना है। भगवान ने किसी को सक्षम बनाया है तो उसे दिल खोलकर सहायता करना चाहिए। राधा के मुताबिक पहले भी वो इस तरह कई जरूरतमंदों की आर्थिक तौर पर मदद कर चुके हैं। नगर निगम से रिटायर्ड प्रदीप शर्मा का कहना था कि बच्चे की पीड़ा को कम करने के लिए वे बस प्रयास कर रहे हैं।
पत्रिका कार्यालय में घनघनाए फोन
खबर पढ़ते ही मंगलवार को सुबह से ही पत्रिका के झालाना कार्यालय पर लोगों के फोन आने शुरू हो गए। फोन करने वाला हर जना कृष्णा की मदद करने के लिए उसके घर का पता पूछ रहा था। लोगों ने कहा कि वे बच्चे के उपचार के लिए हर संभव मदद करने के लिए तैयार हैं।