जयपुर

पुलिस-कॉलेज के सामने नहीं आई महिला रेजिडेंट, घर से लौटने पर दर्ज होंगे बयान

कॉलेज प्रशासन ने मामला सौंपा कॉलेज की ग्रीवांस कमेटी की महिला सदस्यों को

2 min read
Aug 20, 2024

जयपुर। सवाईमानसिंह मेडिकल कॉलेज की महिला रेजिडेंट डॉक्टर की ओर से अपने साथी रेजिडेंट डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाने जाने के बाद अब उक्त महिला रेजिडेंट ने पुलिस को कार्रवाई से इनकार करते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन से इस मामले में एक्शन लेने की उम्मीद जताई है। सोमवार को कॉलेज प्राचार्य ने कॉलेज की ग्रीवांस कमेटी की महिला सदस्यों को आरोप लगाने वाली रेजिडेंट डॉक्टर से बात करने के निर्देश दिए। लेकिन उक्त डॉक्टर के अपने परिवार के साथ घर पर होने के कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। अब उसके मंगलवार को कॉलेज आने पर बयान होने की संभावना है।

गौरतलब है कि रविवार देर रात उक्त महिला रेजिडेंट डॉक्टर ने डॉक्टर्स के एक ग्रुप में पोस्ट कर लिखा था कि कॉलेज का एक रेजिडेंट डॉक्टर वूमेनाइजर है और वह उसके साथ बलात्कार या हत्या कुछ भी कर सकता है। महिला रेजिडेंट ने यहां तक लिखा कि वह अगली अभया या निर्भया नहीं बनना चाहती। देश भर में कोलकाता के अस्पताल में महिला रेजिडेंट के साथ रेप और हत्या के बाद मच रहे आक्रोश के बीच सामने आए इस मामले से कॉलेज में हडकंप मच गया था। मामला सामने आने के बाद देर रात ही कॉलेज प्राचार्य डॉ.दीपक माहेश्वरी ने एसएमएस थानाधिकारी को सूचना देकर मामले की पड़ताल के लिए कहा था।

पहला काम डॉक्टर की सुरक्षा, आरोप साबित हुए तो एक्शन लेंगे : प्राचार्य

मंगलवार को कॉलेज प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ.दीपक माहेश्वरी ने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने भी इन आरोपों की जांच शुरू कर दी है। लेकिन डॉक्टर के अपने घर होने के कारण उसके बयान नहीं हो पाए। उसके आने के बाद बयान लेकर आगे की कार्रवाई होगी। आरोपी रेजिडेंट डॉक्टर से पूछताछ के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिला डॉक्टर ने अपनी परेशानी सीधे कॉलेज प्रशासन को नहीं बताई है और ना ही उसके बयान अभी हुए हैं। ऐसे में आरोपी डॉक्टर से पूछताछ करना जल्दबाजी होगी। उनका पहला काम डॉक्टर को सुरक्षा दिलाना है। आरोप साबित होने पर पुरुष रेजिडेंट डॉक्टर पर एक्शन सहित एफआईआर या अन्य विकल्पों पर निर्णय लिया जाएगा।

पुलिस भी लेगी बयान

महिला रेजिडेंट अभी अपने घर गई हुई है, उससे संपर्क किया, लेकिन वह पुलिस कार्रवाई नहीं चाहती। मेडिकल कॉलेज आने पर महिला रेजिडेंट के बयान भी लिए जाएंगे। इसके बाद आगे की जांच हो सकेगी।

सुधीर उपाध्याय, एसएचओ, एसएमएस हॉस्पिटल थाना

Published on:
20 Aug 2024 12:38 pm
Also Read
View All

अगली खबर