
चुनाव: 83 सरपंच और 75 पार्षद जीतेंगे , आरक्षण लॉटरी का इंतजार
फोटो है -
लालसोट. लंबे इंतजार के बाद अब शहरी और ग्रामीण सरकार के चुनाव की आहट तेज हो गई है। राज्य सरकार की ओर से उच्च न्यायालय में संभावित चुनाव कार्यक्रम का प्रारूप पेश किए जाने के बाद लालसोट विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। आगामी चुनावों में पहली बार क्षेत्र में तीन नगर निकाय और तीन पंचायत समितियों के लिए चुनाव होंगे।
लालसोट नगर परिषद के साथ रामगढ़ पचवारा और मंडावरी नगर पालिका तथा लालसोट, रामगढ़ पचवारा और नवसृजित शिवसिंहपुरा पंचायत समितियों में जनप्रतिनिधियों का चुनाव होगा। चुनाव के बाद क्षेत्र को एक सभापति, दो चेयरमैन और तीन प्रधान मिलेंगे।
वर्ष 2020 में लालसोट विधानसभा क्षेत्र में लालसोट और रामगढ़ पचवारा पंचायत समिति तथा लालसोट नगर पालिका के चुनाव हुए थे। इस बार दो नई नगर पालिकाओं और एक नई पंचायत समिति के जुड़ने से पूरे विधानसभा क्षेत्र में अगले दो-तीन महीने तक चुनावी माहौल रहने की संभावना है।
खेतों और चौपालों तक पहुंच रहे दावेदार
मानसून सक्रिय होने के कारण किसान खरीफ बुवाई में व्यस्त हैं, लेकिन चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। संभावित प्रत्याशी गांवों में खेतों, चाय की थड़ियों और चौपालों पर पहुंचकर ग्रामीणों से संपर्क साध रहे हैं। नगरीय क्षेत्रों में भी संभावित पार्षद प्रत्याशी अपने लिए उपयुक्त वार्ड तलाशने और मतदाताओं से संपर्क करने में जुट गए हैं।कई दावेदारों ने सोशल मीडिया के जरिए भी प्रचार शुरू कर दिया है।
83 सरपंच और 75 पार्षद चुने जाएंगे
लालसोट विधानसभा क्षेत्र में इस बार 83 ग्राम पंचायतों के सरपंच और नगर निकायों के 75 पार्षद चुने जाएंगे। इनमें 24 नवसृजित ग्राम पंचायतें शामिल हैं, जहां पहली बार सरपंच और वार्ड पंचों का चुनाव होगा।रामगढ़ पचवारा में 10, लालसोट में 8 और शिवसिंहपुरा पंचायत समिति में 6 नई ग्राम पंचायतों का गठन किया गया है।
मंडावरी को छह साल बाद बोर्ड का इंतजार
मंडावरी नगर पालिका घोषित हुए करीब छह साल बीत चुके हैं, लेकिन अब तक यहां निर्वाचित बोर्ड का गठन नहीं हो सका है। प्रशासनिक व्यवस्था के भरोसे चल रहे कस्बे के विकास कार्यों के बीच चुनाव की सुगबुगाहट से लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें अपना निर्वाचित निकाय मिलेगा।
दो से अधिक संतान वाले नियम में बदलाव से पुराने चेहरे सक्रिय
निकाय और पंचायत चुनावों में दो से अधिक संतान वाले प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने की अनुमति मिलने की चर्चाओं के बाद कई पुराने और अनुभवी नेता फिर से सक्रिय हो गए हैं। इससे नए और युवा दावेदारों के बीच मुकाबला रोचक होने की संभावना है।चुनावी तैयारी कर रहे दावेदारों की नजर अब आरक्षण लॉटरी पर है। वार्ड पार्षद, सरपंच, प्रधान, चेयरमैन और सभापति पदों के लिए आरक्षण प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक स्तर पर दिशा-निर्देश जारी हो चुके हैं। ओबीसी सर्वे के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पंचायत समिति चुनाव एक नजर में
पंचायत समिति | ग्राम पंचायत | पंचायत समिति सदस्य वार्ड | कुल वोटर
लालसोट | 30 | 19 | 97135
रामगढ़ पचवारा | 34 | 20 | 82037
शिवसिंहपुरा | 19 | 15 | 48711
नगर निकाय चुनाव एक नजर में
नगर निकाय | वार्ड | कुल वोटर
लालसोट | 35 | 25638
मंडावरी | 20 | 7630
रामगढ़ पचवारा | 20 | 6433
नवसृजित ग्राम पंचायतें
रामगढ़ पचवारा (10)
निचूनिया, जगनेर, हरिपुरा, टोरड़ा, कंवरपुरा, श्रीया, नवरंगपुरा, सिंदोली, चांदावास, अभयपुरा
लालसोट (8)
थलौज, टोडागांगा, खेड़ली, बड़ेखण, कल्याणपुरा, डिवाचली कलां, बिनोरी, घाटा
शिवसिंहपुरा (6)
मटलाना, थूणियाधिराजपुरा, नालावास, करणपुरा चक नं.1, समेल, रायमलपुरा -
फोटो कैप्शन: लालसोट पंचायत समिति कार्यालय के पास चुनावी चर्चा करते ग्रामीण।
(नि.प्र.)