जयपुर

बड़ा कदम: राजस्थान में पहली बार “आधार कार्ड” सत्यापन के साथ होगी भर्ती परीक्षा

Aadhar Based Verification: 2163 पदों के लिए 23 फरवरी को दो पारियों में ऑनलाइन एग्जाम। CCTV, AI व कंट्रोल रूम से पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा निगम।
less than 1 minute read
Feb 13, 2026
Feature image

Government jobs Rajasthan: जयपुर. राजस्थान के बिजली क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की ओर से तकनीशियन-तृतीय, ऑपरेटर-तृतीय और प्लांट अटेंडेंट-तृतीय (आईटीआई) के 2163 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। यह ऑनलाइन मुख्य परीक्षा 23 फरवरी 2026 को प्रदेश के 11 जिलों में दो पारियों में आयोजित की जाएगी।

मुख्य परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान रखा गया है, जिससे अभ्यर्थियों को सोच-समझकर उत्तर देना होगा। उम्मीदवार अपने प्रवेश पत्र निगम की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं, वहीं मोबाइल और ई-मेल के माध्यम से भी सूचना भेजी गई है।

गौरतलब है कि जनवरी में घोषित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम के आधार पर रिक्तियों के लगभग दस गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। ग्रुप-I में सबसे अधिक 22,893 अभ्यर्थी, जबकि अन्य ग्रुप्स में सैकड़ों उम्मीदवारों को अवसर मिला है।

इस बार परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाई गई है। पहली बार अभ्यर्थियों का आधार से सत्यापन किया जाएगा। सभी परीक्षा कक्षों में CCTV कैमरों से रिकॉर्डिंग होगी। साथ ही लाइव फोटो, आवेदन के समय अपलोड फोटो, प्रारंभिक परीक्षा की फोटो और आइरिस डेटा को AI तकनीक से मिलान कर फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जाएगी।

परीक्षा संचालन के लिए अधिकारियों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की तैनाती की गई है। विद्युत भवन में कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन डेस्क (9414056655) भी स्थापित की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को हर संभव सहायता मिल सके।

Updated on:
13 Feb 2026 03:40 pm
Published on:
13 Feb 2026 03:40 pm