जयपुर

Jaipur News: जयपुर में इस नदी पर बनेगी 4 नई पुलिया, 60 से अधिक कॉलोनियों के लोगों की राह होगी सुगम

Jaipur Dravyavati River Bridges: द्रव्यवती नदी पर बनने वाली चार कल्वर्ट (पुलिया) आस-पास की कॉलोनियों को सीधे जोड़ेंगी। वहीं टोंक रोड, गोपालपुरा बाइपास और शिप्रापथ जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम करेगी।
2 min read
Mar 21, 2026
Jaipur new culvert project
Photo: AI-generated

जयपुर। द्रव्यवती नदी पर बनने वाली चार कल्वर्ट (पुलिया) आस-पास की कॉलोनियों को सीधे जोड़ेंगी। वहीं टोंक रोड, गोपालपुरा बाइपास और शिप्रापथ जैसे प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम करेगी। साथ ही इन पुलियाओं से आस-पास की 40 हजार से अधिक आबादी को फायदा मिलेगा। लोगों को आने-जाने में लगने वाले ढाई से 4 किमी तक के लंबे चक्कर से मुक्ति मिलेगी।

जेडीए ने इन पुलियाओं के निर्माण को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। द्रव्यवती नदी पर कटेवा नगर, न्यू आतिश मार्केट के पीछे, देवरी एसटीपी के पास और रीको एसटीपी के पास बनने वाली इन पुलियाओं से आस-पास की 60 से अधिक कॉलोनियों के लोगों की राह होगी सुगम। लोग इन पुलियाओं से सीधे द्रव्यवती नदी के इस पार से उस ओर आ-जा सकेंगे।

वहीं मुख्य मार्गो पर जाम से जूझने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी। इन पुलियाओं के प्रस्ताव पर ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की 94वीं बैठक में मुहर लगने के बाद जेडीए पब्लिक वर्क्स कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की बैठक में वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति भी जारी कर दी है। इन पुलियाओं के निर्माण कार्य पर जेडीए 16.67 करोड़ रुपए खर्च करेगा।

मई में काम शुरू होने की उम्मीद

जेडीए अधिकारियों के अनुसार तकनीकी स्वीकृति मिलते ही अप्रैल में निविदा आमंत्रित की जाएगी। इसके बाद मई में पुलियाओं का काम शुरू होगा।

कटेवा नगर पुलिया

कटेवा नगर पुलिया न्यू सांगानेर रोड, गोविंद मार्ग को पंडित टी.एम. कृष्ण मार्ग से जोड़ेगी। इस कनेक्टिविटी से आस-पास की 10 से 15 कॉलोनियों के करीब 10 हजार लोगों को सीधा फायदा होगा। अभी लोगों को 2 से 3 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जो इस पुलिया के बाद खत्म हो जाएगा।

देवरी एसटीपी के पास पुलिया

देवरी एसटीपी के पास वाली पुलिया शिप्रा पथ रोड को बृहस्पतिधाम मंदिर, जगनाथपुरी को जोड़ेगी। इस पुलिया के बनने से करीब 30 कॉलोनियों के 9 हजार से अधिक लोगों की आवाजाही आसान होगी। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लोगों को अब दुर्गापुरा होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे 3 से 4 किमी की दूरी कम हो जाएगी।

न्यू आतिश मार्केट पुलिया

न्यू आतिश मार्केट पुलिया गुर्जर की थड़ी और शांति मार्ग के आस-पास की कॉलोनियों को शिप्रा रोड और आतिश मार्केट रोड से जोड़ेगी। इससे रोजाना आतिश मार्केट आने वाले सैकड़ों लोगों की राह आसान होगी। वहीं क्षेत्र में रहने वाले करीब 15 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

रीको एसटीपी पुलिया

रीको एसटीपी, सांगानेर के पास वाली कल्वर्ट तरुछाया नगर और सांगासेतु के बीच बनेगी, जो सांगानेर क्षेत्र के साथ आस-पास की 30 से 40 कॉलोनियों को जोड़ेगी। यह कल्वर्ट दोनों ओर की 30-30 फीट को कनेक्ट करेगी। इससे क्षेत्र की 10 से अधिक आबादी के लिए दो से ढाई किमी का चक्कर बच सकेगा।

इनका कहना है

द्रव्यवती नदी के आस-पास समय के साथ सघन विकास हो गया है। पुलिया बनने से निकटवर्ती कॉलोनियों के लोगों को राहत मिलेगी, वहीं मुख्य सड़कों पर भी आवागमन आसान हो सकेगा। लेकिन यह नदी ऐतिहासिक है, पुलिया निर्माण के दौरान इसके मूल बहाव क्षेत्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचे, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
-एच. एस. संचेती, पूर्व मुख्य नगर नियोजक

Updated on:
21 Mar 2026 11:53 am
Published on:
21 Mar 2026 08:53 am