
जयपुर. दिल्ली सराय रोहिल्ला, दिल्ली शाहदरा और दिल्ली कैंट स्टेशन की तर्ज पर जयपुर के तीन प्रमुख उपनगरीय रेलवे स्टेशन गांधीनगर, खातीपुरा और गैटोर जगतपुरा के नाम के आगे 'जयपुर' जोड़ने की घोषणा को एक साल से अधिक बीत चुका है, लेकिन मामला अब भी सरकारी फाइलों में अटका है। कई मुसाफिर आज भी गांधीनगर स्टेशन को गुजरात का गांधीनगर समझ बैठते हैं और खातीपुरा-जगतपुरा की लोकेशन को लेकर भी उलझन में पड़ जाते हैं।
गांधीनगर स्टेशन पर तो विरोधाभासी स्थिति भी है। यहां प्लेटफॉर्म नंबर दो पर अनौपचारिक तौर पर 'जयपुर गांधीनगर' का बोर्ड लगा दिया गया है, जबकि मुख्य प्रवेश द्वार पर अब भी 'गांधीनगर जयपुर' लिखा है।
करीब एक साल पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर दौरे के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इन स्टेशनों के नाम के आगे 'जयपुर' जोड़ने की घोषणा की थी। प्रस्तावित नाम जयपुर गांधीनगर और जयपुर खातीपुरा जैसे होने थे। इसकी बड़ी वजह यह थी कि दूसरे राज्यों से आने वाले कई यात्री 'गांधीनगर' नाम देखकर इसे गुजरात की राजधानी समझ बैठते हैं। इसी तरह खातीपुरा और गैटोर जगतपुरा स्टेशनों के नाम से भी बाहरी यात्रियों को इनके जयपुर में होने की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाती।
जयपुर जंक्शन पर बढ़ते यात्रीभार को कम करने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने खातीपुरा, गांधीनगर और जगतपुरा को प्रमुख सैटेलाइट स्टेशन और टर्मिनल के रूप में विकसित किया है। यहां से कई प्रमुख और लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी हो रहा है। इसके बावजूद ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान 'जयपुर' सर्च करने वाले यात्रियों को इन स्टेशनों की पहचान को लेकर स्पष्टता नहीं मिलती। अनजान यात्रियों को गलत स्टेशन पहुंचने या गंतव्य तक जाने के लिए अतिरिक्त किराया खर्च करने जैसी परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
रेलवे ने पहले चरण में गांधीनगर, खातीपुरा और जगतपुरा स्टेशन के नाम के आगे जयपुर जोड़ने का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, शहर के अन्य प्रमुख स्टेशन ढेहर के बालाजी, कनकपुरा, सांगानेर और दुर्गापुरा के नाम के आगे भी जयपुर जोड़ने की जरूरत महसूस की जा रही है। इन स्टेशनों से भी बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, लेकिन इनके नाम से बाहरी यात्रियों को जयपुर की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाती। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी स्टेशनों के नाम बदलने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा सकती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्टेशन का नाम बदलने के लिए लंबी प्रशासनिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। राज्य सरकार, केंद्रीय गृह मंत्रालय सहित विभिन्न एजेंसियों से मंजूरी लेनी होती है। सभी स्तरों से स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे बोर्ड स्टेशन के नाम और कोड में बदलाव की अंतिम अधिसूचना जारी करता है। अधिकारियों के अनुसार प्रस्ताव पर प्रक्रिया जारी है। औपचारिकताएं पूरी होते ही बदलाव लागू कर दिए जाएंगे।