Ghoomar Festival 2025: 'घूमर' नृत्य को नई ऊर्जा और वैश्विक पहचान देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने अनूठी पहल की है। डिप्टी सीएम दीया कुमारी की पहल पर पर्यटन विभाग द्वारा 19 नवंबर 2025 को प्रदेश के सातों संभाग में 'घूमर महोत्सव 2025' आयोजित किया जाएगा।
जयपुर। राजस्थान की पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान 'घूमर' को नई ऊर्जा और वैश्विक पहचान देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक अनूठी पहल की है। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी की पहल पर पर्यटन विभाग द्वारा आगामी 19 नवंबर 2025 को प्रदेश के सातों संभागीय मुख्यालयों- जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर में एक साथ घूमर महोत्सव 2025 आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से शुरू होगा।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियार ने बताया कि घूमर नृत्य राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न अंग है। इस महोत्सव का उद्देश्य इसे युवा पीढ़ी, विशेष रूप से महिलाओं और छात्राओं के बीच अधिक लोकप्रिय बनाना है। विभाग ने भागीदारी के लिए (https://ghoomar.rajasthan.gov.in) लिंक जारी किया है, जहां ऑनलाइन पंजीकरण किया जा सकता है।
महोत्सव में 12 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाएं, युवतियां और महिलाएं भाग ले सकेंगी। स्कूल-कॉलेज की छात्राएं, डांस स्कूल की सदस्याएं, गृहिणियां, स्वयं सहायता समूह, एनजीओ और महिला क्लब भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता दो श्रेणियों- व्यक्तिगत और सामूहिक में होगी, जबकि मंचीय प्रदर्शन केवल समूह के रूप में होगा। प्रत्येक समूह में कम से कम 20 और अधिकतम 25 सदस्य होना अनिवार्य है। पंजीकरण में सहायता के लिए संभागीय पर्यटन कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में 'सर्वश्रेष्ठ सामूहिक नृत्य', 'सर्वश्रेष्ठ पोशाक', 'सर्वश्रेष्ठ आभूषण' और 'सर्वश्रेष्ठ नृत्य-निर्देशन' जैसी श्रेणियों में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक संभाग से चयनित श्रेष्ठ समूह को आगामी राज्य स्तरीय पर्यटन महोत्सवों में प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
पर्यटन विभाग ने बताया कि प्रशिक्षण और प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश शीघ्र आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। यह आयोजन राजस्थान की सांस्कृतिक गौरव-गाथा को नए रंगों में प्रस्तुत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।