जयपुर

छात्रा की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी छात्र ने भी विषाक्त खाकर दी जान

जयपुर जिले के मनोहरपुर कस्बे में शनिवार एक कोचिंग सेंटर पर संचालित लाइब्रेरी में अध्ययन करने वाले एक छात्र ने छात्रा के गले पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 26 Mar 2023, 1:35 PM IST
girl murder after boy consumed poison in manoharpur Jaipur

मनोहरपुर/चंदवाजी। जयपुर जिले के मनोहरपुर कस्बे में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे एक कोचिंग सेंटर पर संचालित लाइब्रेरी में अध्ययन करने वाले एक छात्र ने छात्रा के गले पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। हमले के बाद मौके से फरार आरोपी छात्र ने अपने घर पहुंचकर विषाक्त सेवन कर लिया।

उसे निम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां छात्र ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है। पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम छांदोलाई थाना चंदवाजी निवासी छात्रा शोभा चौधरी (23) छह किमी दूर मनोहरपुर स्थित एक कोचिंग सेंटर में सीईटी की तैयारी कर रही थी। शोभा शनिवार को अपने मामा के साथ कोचिंग सेंटर पहुंची और वह कक्षा में न जाकर किसी काम से ऊपर छत पर चली गई। इसी दौरान वहां मौजूद छात्र सुरेन्द्र उर्फ सुनील मीणा (25) ने छात्रा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस पड़ताल में सामने आया कि छात्र करीब साढ़े आठ बजे ही लाइब्रेरी आ गया था। मृतक छात्रा शोभा व अस्पताल में भर्ती छात्र जिसने बाद में दम तोड़ दिया।

घटना के दौरान नीचे चल रही थी क्लास
कोचिंग में कंप्यूटर ऑपरेटर अशोक कुमार बेनीवाल ने बताया कि घटना के दौरान वह बाजार गया था। इसी समय गणित पढ़ाने वाले शिक्षक रोहित यादव फाउंडेशन कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। सुबह करीब 10.30 बजे छात्र ने कोचिंग की छत पर वारदात को अंजाम दिया।

पास के मकान पर कूदकर हुआ फरार
पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद छात्र कोचिंग संस्थान से सटे मकान की छत पर कूदकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह गठवाड़ी में अपने घर पहुंचा, जहां पर उसने विषाक्त का सेवन कर लिया। जिसकी निम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

Published on: