Gold-Silver Price Crash: केंद्रीय बजट के दिन कमोडिटी बाजार (एमसीएक्स) में सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट देखी गई। चांदी 9% और सोना 4.45% तक टूट गया, लेकिन बाजार में गिरावट के बावजूद निवेशकों की सक्रियता बनी रही। यह गिरावट निवेशकों के लिए संभावित लाभ का मौका भी साबित हो सकता है, जिससे बाजार में हलचल और उत्सुकता बनी हुई है।
Gold-Silver Rates Update: केंद्रीय बजट के दिन रविवार को कमोडिटी बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बजट के चलते एमसीएक्स सामान्य दिनों के विपरीत खुला रहा, जहां सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एक ही दिन में चांदी करीब 9% और सोना 4.45% तक टूट गया, जिससे बाजार में हलचल मच गई।
कीमतों में लगातार दूसरे दिन आई तेज गिरावट के बावजूद भीलवाड़ा सहित कई शहरों में निवेशकों और खरीदारों का भरोसा बना हुआ है। स्थानीय कारोबारियों के मुताबिक इस गिरावट को लोग नुकसान नहीं बल्कि निवेश का बेहतर मौका मानकर देख रहे हैं।
एमसीएक्स पर रविवार को चांदी करीब 26,273 रुपये प्रति किलो टूटकर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास आ गई। वहीं सोना 6,653 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट के साथ 1,43,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर फिसल गया।
दूसरी ओर भीलवाड़ा का स्थानीय सर्राफा बाजार रविवार को बंद रहने के कारण ऑफ-मार्केट में सोना लगभग 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.73 लाख रुपये प्रति किलो के भाव पर बोली गई। वास्तविक खुदरा कीमतों की स्थिति सोमवार को बाजार खुलने के बाद ही साफ हो पाएगी।
जयपुर में चांदी की कीमतें फिलहाल 3,49,900 रुपए प्रति किलोग्राम के आसपास दर्ज की गई हैं। वहीं सोने की कीमतों में भी हल्की नरमी दर्ज की गई है। ताजा भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना 16,072 रुपए प्रति ग्राम के आसपास दर्ज किया है। बीते सत्र के मुकाबले कीमतों में गिरावट देखी गई है।
कीमती धातुओं के साथ-साथ बेस मेटल्स में भी कमजोरी देखने को मिली। एमसीएक्स पर कॉपर के 27 फरवरी 2026 वायदा अनुबंध का भाव गिरकर 1,237 रुपए प्रति किलो रह गया, जो पिछले बंद स्तर से करीब 4.31% नीचे है। यह वैश्विक स्तर पर औद्योगिक मांग में सुस्ती का संकेत माना जा रहा है।