
जया गुप्ता
जयपुर। उपचुनावों में हार से हड़बड़ाई राज्य सरकार अब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकारी स्कूलों के बच्चों को अपने प्रचार का माध्यम बनाएगी। सरकार पहली से चौथी कक्षा तक के बच्चों को वार्षिक रिजल्ट के साथ अपने 4 साल का गुणगान करती पुस्तिकाएं भी देगी।
सरकार ने कई ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों, पीईईओ को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि वार्षिक रिपोर्ट कार्ड व वार्षिक कार्ययोजना पुस्तिका के साथ बच्चों को ‘राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर उपलब्धि पुस्तिका’ भी दें। इस पुस्तिका में शिक्षा विभाग की योजनाओं का बखान किया गया है। सूत्रों की मानें तो सरकार बच्चों के जरिए घर-घर तक अपने कार्यों का बखान करना चाहती है।
कई डीईओ-बीईओ ने दिए निर्देश
पाली सहित कई जिलों में जिला व ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों ने वार्षिक रिजल्ट के साथ उपलब्धि पुस्तिका बांटने के निर्देश दिए हैं। इसमें राजस्थान प्रारम्भिक शिक्षा परिषद के आयुक्त के पत्र का हवाला दिया गया है।
पहले योजनाओं के बोर्ड लगाने को कहा था
सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए कुछ समय पहले शिक्षा राज्यमंत्री ने स्कूलों के प्रवेश द्वार, कक्षाओं के बाहर बड़े बोर्ड-फ्लैक्स आदि लगाने के निर्देश दिए थे। इस पर आपत्तियां उठी थीं कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के दिशा-निर्देश तक नहीं लिखे हैं जबकि सरकार प्रचार के लिए बोर्ड-फ्लैक्स लगा रही है।
- ऐसे आदेश देकर स्कूलों का राजनीतिकरण करना गलत है। शिक्षक ऐसी किसी भी बुकलेट के वितरण में सहयोग नहीं करेंगे।
नारायण सिंह, प्रवक्ता, राज. शिक्षक एवं पंचायत राज कर्मचारी संघ
- ऐसा कोई आदेश जानकारी में नहीं है। यदि पीईईओ को ऐसे निर्देश जारी किए जा रहे हैं तो मामला दिखवाएंगे।
जोगाराम, आयुक्त, राजस्थान प्रारम्भिक शिक्षा परिषद