सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) स्वाति शर्मा ने बताया कि बाड़मेर जिले में शिव थानान्तर्गत काश्मीर निवासी हरीश जाखड़ की हत्या के मामले की जांच कर रहे प्रतापनगर थानाधिकारी अचल सिंह बुधवार को बाड़मेर गए, जहां राजकीय चिकित्सालय में हरीश का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सुपुर्द किया गया। वारदात में शामिल बाड़मेर जिले के चौहटन थानान्तर्गत बावड़ी कला निवासी घेवरराम (25) पुत्र टीकमराम जाट को गिरफ्तार किया गया। उसे जोधपुर से ही पकड़ा गया है। एफआईआर में नामजद आरोपी खरताराम गोदारा, अरूण हुड्डा, भगाराम व बाबूराम आदि की तलाश की जा रही है। परिजन ने बाड़मेर ज्ञापन दिया है। पुलिस पहरे में शिकायतकर्ता उमेश अपहरण के दौरान हरीश के साथ उमेश बेनीवाल व जूंजाराम भी थे। अपहरणकर्ताओं के निशाने पर मुख्य रूप से उमेश बेनीवाल था, लेकिन हरीश उनके हत्थे चढ़ गया था। उमेश व जूंजाराम अपहरण से बच गए थे। उमेश ने ही पुलिस में अपहरण का मामला दर्ज कराया। जिसमें बाद में हत्या की धारा जोड़ दी गई। बाड़मेर के कई मामलों में उमेश वांछित है। ऐसे में वह पुलिस पहरे में है। हत्या के मामले में जांच के बाद उसे बाड़मेर पुलिस को सौंपा जाएगा।