राजधानी जयपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल गोविंद मार्ग जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। मास्टरप्लान के अनुसार इस मार्ग की चौड़ाई 100 फीट की जाएगी।
जयपुर। राजधानी जयपुर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल गोविंद मार्ग जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगा। मास्टरप्लान के अनुसार इस मार्ग की चौड़ाई 100 फीट की जाएगी। इसके लिए सड़क किनारे किए गए सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे, जिससे यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
फिलहाल गोविंद मार्ग की चौड़ाई कई स्थानों पर केवल 50 से 60 फीट ही है। अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासतौर पर दिल्ली रोड और आगरा रोड की ओर जाने वाला भारी ट्रैफिक इसी मार्ग से गुजरता है।
मास्टरप्लान के अनुरूप होगा विकास
नगर निगम मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान आयुक्त गौरव सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोविंद मार्ग को मास्टरप्लान के अनुसार 100 फीट चौड़ा किया जाए। इससे पहले 28 जनवरी को हुई ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड की बैठक में भी सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
ये काम भी होंगे शामिल
गोविंद मार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ कई अन्य सुधार कार्य भी प्रस्तावित हैं...
अंबाबाड़ी और पानीपेच तिराहे को जोड़ने वाली लिंक रोड पर बॉक्स डालकर रैंप को ऊंचा किया जाएगा
ट्रैफिक सिग्नलों को एआई आधारित नियंत्रित सिस्टम में अपग्रेड किया जाएगा।
स्टेट हैंगर चौराहे पर 25 मीटर व्यास का पार सर्कल बनाया जाएगा
अतिक्रमण हटाना सबसे बड़ी चुनौती
गोविंद मार्ग को 100 फीट चौड़ा करने में सबसे बड़ी चुनौती अतिक्रमण को लेकर है। टीसीबी की बैठक में निगम की ओर से बताया गया कि इसके लिए पीटी सर्वे करवाया जा चुका है। पूर्व में 60 फीट चौड़ाई के अनुसार पट्टे जारी किए गए थे। अब यह आकलन किया जाएगा कि किन भवनों का कितना हिस्सा हटाया जाना है।