IMD forecast: मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 3 और 4 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को प्रभावित करेगा। इसके असर से जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है।
Rajasthan weather: जयपुर. प्रदेश में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और मौसम विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है। ताजा चेतावनी के अनुसार अगले 1 घंटों के दौरान कई जिलों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, जोधपुर और अजमेर जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की भी आशंका व्यक्त की गई है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने आज पूरे दिन भर के लिए बांसवाडा, बारां, झालावाड़, झुंझुनूं, प्रतापगढ, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर,चूरू, हनुमानगढ, जैसलमेर, फलौदी व श्रीगंगानगर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने आगामी 15 दिनों यानी 3 अप्रैल से 16 अप्रैल तक का पूर्वानुमान भी जारी किया है, जिसमें तापमान में गिरावट और मौसम में व्यापक बदलाव के संकेत दिए गए हैं। विभाग के अनुसार इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और बारिश का दौर बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 3 और 4 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश को प्रभावित करेगा। इसके असर से जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जो खासकर किसानों के लिए चिंता का कारण बन सकती है।
इसके बाद 7 और 8 अप्रैल के आसपास एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम एक बार फिर बदल सकता है। हालांकि दूसरे सप्ताह में बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत हैं और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। साथ ही आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। कुल मिलाकर अगले दो सप्ताह प्रदेश में मौसम का यह बदला हुआ रूप जारी रह सकता है।