
जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) आगामी पंचायती राज और निकाय चुनावों को पूरी मजबूती के साथ लड़ने की तैयारी में जुट गई है। गुरुवार को जयपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में इसको लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक की शुरुआत पार्टी के सिद्धांतों और जनहित के संकल्प के साथ हुई। इस दौरान हनुमान बेनीवाल ने संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी जनता की आवाज बनकर कार्य करती रहेगी।
बैठक में आगामी पंचायती राज और निकाय चुनाव प्रमुख चर्चा का विषय रहा। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में इन चुनावों में मजबूती के साथ उतरने का संकल्प लिया। हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी गांवों और शहरों दोनों स्तर पर अपनी राजनीतिक उपस्थिति को और मजबूत करेगी तथा पंचायत और निकाय चुनावों में दमखम के साथ मैदान में उतरेगी। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाया जाएगा।
पार्टी के प्रदेश एसआईआर प्रभारी और पूर्व विधायक दिलीप चौधरी ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही जिला और विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया जाएगा।
प्रदेश कार्यालय मंत्री शंकरलाल नारोलिया ने बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अलावा विभिन्न जनसमस्याओं और स्थानीय मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी सुझावों और प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की रणनीति तैयार की गई।
इस दौरान सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने राज्य सरकार की कई योजनाओं और निर्णयों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में भी अपराध बढ़ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। बेनीवाल ने हाल ही में मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान एक युवती पर पुलिसकर्मियों द्वारा गर्म पानी डालने की घटना का भी उल्लेख किया और इसे सरकार की संवेदनहीनता का उदाहरण बताया।
बैठक में खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, मेड़ता की पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी, आरएलपी नेता एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी प्रभातीलाल जाट, वरिष्ठ नेता सीताराम नायक सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।