जयपुर

उत्साह में खलल: यातायात व्यवस्था के दावे जाम

यातायात की विशेष व्यवस्था भी नहीं आ पाई काम, IPL क्रिकेट मैच, गणेश मंदिर में भीड़ और भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम एक साथ होने से बिगड़े हालात
2 min read
• •
Updated: 12 Apr 2018, 12:06 PM IST
Jaipur News

जयपुर . शहर के लोगों के लिए बुधवार का दिन खास बन गया। चार साल बाद IPL 2018 मैच होने के साथ ही मौसम की बही ठंडी बयारों ने पूरे शहर को उल्लासित कर दिया। वहीं ठंडी हवा के लुत्फ को जाम ने फीका भी कर दिया। सवाई मानसिंह स्टेडियम में क्रिकेट मैच के साथ ही मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और सरदार पटेल मार्ग स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यक्रम के एक साथ होने से यातायात की विशेष व्यवस्था धरी ही रह गई। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया। क्रिकेट मैच के चलते भवानी सिंह रोड, सहकार मार्ग और टोंक रोड पर ट्रैफिक डायवर्ट भी किया गया। JLN मार्ग पर JDA से त्रिमूर्ति सर्किल तक वाहन चालकों को रेंग-रेंगकर चलना पड़ा। अजमेर रोड पर सेज में पहुंचे वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने हाइवे पर ट्रैफिक रोक दिया। इससे हाइवे पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हाइवे पर लोगों को करीब पौन घंटा जाम में से निकलने में लग गया।

टिकट के लिए भटकते रहे

क्रिकेट मैच देखने के लिए कई युवक टिकट का जुगाड़ करने में नजर आए। सांगानेर निवासी महेश शर्मा ने बताया कि टिकट नहीं मिलने से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। महेश ने बताया कि जयपुर में होने वाले अन्य मैच में पहले से ही टिकट का इंतजाम कर यहां आएंगे।

जुनून एेसा कि पहले ही पहुंचे

मैच देखने वालों का जुनून इस कदर नजर आया कि रात 8 बजे मैच शुरू होना था, लेकिन बुधवार दोपहर से ही पहुंचना शुरू हो गए। स्टेडियम के चारों और पुलिस भी मुस्तैद नजर आई। पुलिस ने पार्किंग स्थल तक पहुंचने के लिए पासधारी वाहनों को ही प्रवेश दिया। अन्य वाहनों को डायवर्ट कर दिया और मैच देखने के लिए कई युवक प्रवेश पाने के लिए बारिश में भीगते रहे।

Updated on:
12 Apr 2018, 12:06 PM IST
Published on: