
जयपुर
पुलिस विभाग ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सख्ती के साथ हेलमेट अनिवार्य रूप से लागू कराने की तैयारी कर ली है। गांवों में हेलमेट जरूरी करने के लिए अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जगह-जगह तैनात कर दी है। पुलिस विभाग के कमिश्नरेट के आदेश के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में भी दुपहिया वाहन चालकों के साथ ही पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट लगाना जरूरी होगा। गांवों में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हादसों में जहां बड़ी संख्या में लोग घायल हो रहे हैं वहीं बहुत से लोग काल के गाल में समा जाते हैं। अभियान के तहत बस्सी कस्बे सहित नेशनल हाईवे व राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाले दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट नहीं लगाने पर चालान काटा जा रहा है। साथ ही दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने की सीख दी जा रही है।
कार्रवाई के दौरान काटे चालान
बस्सी के थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में मौत व घायल होने को लेकर उनको जागरूक करने व सड़क दुर्घटना में होने वाले बचाव को लेकर बस्सी पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत अब पीछे की सवारी का भी हेलमेट लगाना जरूरी होगा। उच्च अधिकारियों को आदेश के बाद ग्रामीण क्षेत्र में भी हेलमेट लगाना अनिवार्य करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पुलिस थाना अधिकारी द्वारा तीन टीमें बनाई गई हैं जो नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और बस्सी बस स्टैंड पर तैनात रहेंगी। ये टीमें दुपहिया वाहनों को समझाइश कर हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करेगी वहीं नेशनल हाईवे पर बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर उनके चालान काटे जाएंगे। क्षेत्र में पूर्णतया हेलमेट लागू कराने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कपड़े से मुंह ढंका है तो भी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार बस्सी कस्बे में दुपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट व मुंह पर कपड़ा बांधकर बेरोकटोक वाहनों को दौड़ाते रहते हैं। दुपहिया वाहनों पर कई मनचले तीन-चार सवारी बैठाकर बेरोकटोक वारदात को अंजाम देते रहते हैं व छेड़छाड़ की घटना को अंजाम देते रहते हैं और कई अपराधी किस्म के लोग कई वारदातों को भी अंजाम दे देते हैं।
बिना हेलमेट के होती हैं दुर्घटनाएं
क्षेत्र व नेशनल हाईवे पर बिना हेलमेट के कारण कई दुर्घनाएं घटित हो जाती हैं। बीते दिनों बिना हेलमेट के कारण कई दुर्घटनाएं घट चुकी हैं जिससे कइयों की मौत भी हो चुकी है जिसको लेकर पुलिस प्रशासन अब सजक हो गया है।