जयपुर

हिमाचल के नए मुख्यमंत्री ठाकुर ने गुलाबी नगर में यहां रहकर मिटायी थी चुनावी थकान, जयपुर की कचौरी और रबडी के हैं शौकीन

मुख्यमंत्री ठाकुर का जयपुर में है ससुराल, शपथ ग्रहण समारोह में यहां से गए हैं परिजन
2 min read
• •
Updated: 27 Dec 2017, 4:48 PM IST
jaipur

जयपुर। हिमाचल के नए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गुलाबी नगरी में करीबी नाता रहा है। उनकी खजाने वालों के रास्ता में ससुराल है, जो अब झोटवाड़ा में रह रहे हैं। दामाद के सीएम बनने की खुशी में वहां जश्न का माहौल है। उनके शपथ समारोह में शामिल होने के लिए उनके ससुराल से परिवार के करीब 10 लोग दो दिन पहले ही शिमला पहुंच चुके हैं। इससे पहले वह 13 से 16 दिसम्बर तक ससुराल में ही थे। हिमाचल में चुनाव के बाद थकान मिटाने के लिए यहां पर आए थे। वह पार्टी और अपनी जीत के प्रति आश्वस्त थे।

साल में एक-दो बार जरूर आते
राजनीति में उनके पास कोई भी पद रहा हो, लेकिन जब वे गुलाबी नगरी में होते तो लोगों से ऐसे मिलते जैसे सालों से जान पहचान है। जिन लोगों से मेल मिलाप रहता है वे कहते हैं कि उदार स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण ने आज उनको प्रदेश का मुखिया बना दिया है। शादी के बाद साल में एक से दो बार अपनी ससुराल जरूर आते थे।

रामगढ़ बांध घूमना था बेहद पसंद
मुख्यमंत्री के रिश्तेदार प्रवीण राव बताते हैं कि जयपुर में आने के बाद रामगढ़ बांध देखने जरूर जाते थे। वहां पर घूमना उनको बेहद पसंद था। पानी से भरा बांध उनका पसंदीदा पर्यटन हुआ करता था। जब इसका पानी खत्म हुआ तो वे काफी निराश हुए।

लोकल जायके का लेते थे आनंद

खानपान की बात करें तो हिमाचली व्यंजन उनकी प्राथमिकता में हैं, लेकिन जब वे जयपुर में होते तो परकोटे के लोकल जायके का भी जमकर लुत्फ उठाते थे। कचौड़ी से लेकर रबड़ी का स्वाद वह मजे से लेते थे। विनोद कसाना बताते हैं कि जब ससुराल आते तो दुकान पर बैठकर राजनीति और संगठन की खूब बातें किया करते थे। संगठन के प्रति समर्पण भाव देखते ही बनता था। घर के कोने पर 60 साल से चाय की दुकान चला रहे रमेश ने कई बार उनको चाय पिलाई है।

परिषद से 'युवा' होती गई दोस्ती

प्रदेश भाजपा के पूर्व महामंत्री सतीश पूनियां उनके करीबी मित्र हैं। 1990 में जयपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान उनसे मुलाकात हुई थी। पूनियां बताते हैं कि युवा मोर्चा में ठाकुर हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष रहे तो वे राजस्थान के। बाद में ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष भी बने। वे कहते हैं कि जब उनकी शादी जयपुर हुई तो हमारी दोस्ती रिश्तेदारी में बदल गई। पूनियां डॉ. साधना के परिजनों को पहले से ही जानते हैं और उनके पारिवारिक रिश्ते भी हैं।

फैक्ट फाइल
- 21 जून 1995 में डॉ. साधना ठाकुर से हुई थी शादी
- 1998 में जीते पहला विस चुनाव, तब से लगातार विधायक
- 1989 से 1993 तक जम्मू कश्मीर में रहे थे एबीवीपी के संगठन मंत्री

Published on: