
जयपुर। आइएएस शिखर अग्रवाल के बेटों के नाम खरीदे गए 24 विला का मामला सामने आने के बाद जयपुर का अनंता रिसॉर्ट भी चर्चा में है। एसीबी में दर्ज एफआइआर के अनुसार, ये विला गोयल फैशंस से खरीदे गए थे। सौदा गत 15 अक्टूबर को हुआ, जबकि शिखर अग्रवाल 17 अक्टूबर को विदेश दौरे के लिए रवाना होने वाले थे। यानी विदेश जाने से दो दिन पहले विला खरीदे गए। प्रत्येक विला की रजिस्ट्री 11 लाख रुपए में कराई गई, जबकि रिसॉर्ट के ब्रोशर में इसी आकार के विला की कीमत 59 लाख रुपए बताई गई है। एसीबी ने विला खरीद में इसी अंतर को जांच के दायरे में लिया है।
24 विला की रजिस्ट्री में करीब 1.03 करोड़ रुपए के राजस्व अंतर का मामला सामने आया है, जिसमें शिखर ने सीधे तौर पर 11.52 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ लिया। एफआइआर के अनुसार, इन विला की रजिस्ट्री केवल 11-11 लाख रुपए के हिसाब से कराई गई, जबकि रिसॉर्ट से जुड़े ब्रोशर में प्रत्येक विला की कीमत 59 लाख रुपए अंकित थी। इस आधार पर प्रति विला 48 लाख रुपए कम कीमत पर रजिस्ट्री हुई। ब्रोशर की कीमत और रजिस्ट्री राशि के अंतर के आधार पर स्टाम्प ड्यूटी, सरचार्ज व पंजीयन शुल्क की गणना करने पर प्रति विला करीब 4.31 लाख और सभी 24 विला पर करीब एक करोड़ तीन लाख करोड़ रुपए का राजस्व अंतर सामने आया। हालांकि, विला की मौजूदा बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए प्रति विला के आस-पास है।
सामाजिक संगठन 'पब्लिक अगेंस्ट करप्शन' के अधिवक्ता पूनम चंद भंडारी और डॉ. टी.एन. शर्मा ने ईडी को शिकायत भेजकर आइएएस शिखर अग्रवाल, आइपीएस प्रशाखा माथुर, उनके परिजन व सहयोगियों की ओर से उदयपुर, अलवर और जयपुर में 64 विला/कॉटेज कम कीमत पर खरीदकर विक्रेता कंपनी को लीज पर देने के मामले में पीएमएलए के तहत जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, एसीबी एफआइआर में जयपुर के अनंता रिसॉर्ट में शिखर के पुत्रों के नाम 15 अक्टूबर को 24 विला 11-11 लाख रुपए में खरीदने का उल्लेख है, जबकि ब्रोशर में कीमत 59 लाख प्रति विला थी। इससे 11.52 करोड़ का अनुचित लाभ लेने का आरोप है। अलवर के अजबगढ़ में भी 20 विला डीएलसी दर से 3.50 से 4.50 लाख रुपए कम पर खरीदने और करीब 2 करोड़ रुपए का अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं ने ईडी से ईसीआइआर दर्ज कर संपत्तियां कुर्क करने तथा कंपनी, निदेशकों व संबंधित अधिकारियों की भूमिका और वित्तीय स्रोतों की जांच की मांग की है।
| शुल्क का विवरण | 59 लाख रुपए की कीमत पर | 11 लाख रुपए की कीमत पर |
|---|---|---|
| स्टाम्प ड्यूटी (6%) | ₹3,54,000 | ₹66,000 |
| सरचार्ज (33%) | ₹1,16,820 | ₹21,780 |
| रजिस्ट्रेशन फीस (1%) | ₹59,000 | ₹11,000 |
| कुल शुल्क | ₹5,29,820 | ₹98,780 |
(कुल शुल्क की दर 8.98 प्रतिशत (स्टाम्प ड्यूटी 6 प्रतिशत, सरचार्ज 1.98 प्रतिशत, रजिस्ट्रेशन फीस 1 प्रतिशत के आधार पर)
प्रति विला शुल्क का अंतर: 4,31,040 रुपए
24 विला पर कुल अंतर: 1,03,44,960 रुपए