जयपुर

राजस्थान में ATS का बड़ा एक्शन: ‘बारूद सिंडिकेट’ का नेटवर्क ध्वस्त, 7 गिरफ्तार

ATS Action Rajasthan: राजस्थान में अवैध विस्फोटक पदार्थों के कारोबार और 'बारूद सिंडिकेट' के खिलाफ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ा प्रहार किया है। एटीएस की विशेष टीमों ने जोधपुर आयुक्तालय, जोधपुर ग्रामीण, राजसमंद और डीडवाना-कुचामन जिलों में एक साथ छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
May 21, 2026
ATS action Rajasthan
राजस्थान में बारूद सिंडिकेट पर एटीएस का एकशन, पत्रिका फोटो

ATS Action Rajasthan: राजस्थान में अवैध विस्फोटक पदार्थों के कारोबार और 'बारूद सिंडिकेट' के खिलाफ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने बड़ा प्रहार किया है। एटीएस की विशेष टीमों ने जोधपुर आयुक्तालय, जोधपुर ग्रामीण, राजसमंद और डीडवाना-कुचामन जिलों में एक साथ छापेमारी कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार बारूद, हजारों कमर्शियल व इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन छड़ें और अवैध विस्फोटक बनाने की फैक्टरी व कच्चा माल बरामद किया गया है।

एटीएस के एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि विस्फोटक माफिया एक संगठित गिरोह बनाकर अवैध खनन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के लिए बारूद की तस्करी कर रहे हैं।

इन थाना क्षेत्रों में भंडाफोड़

एटीएस ने जोधपुर के सूरसागर, ओसियां, मकराना (डीडवाना-कुचामन) और देवगढ़ (राजसमंद) थाना क्षेत्रों में दबिश देकर इस तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान ओसियां (जोधपुर ग्रामीण) के चैरई इलाके में अवैध विस्फोटक पदार्थ बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई।

इसके अलावा जसवंतगढ़, देवगढ़ और जालौर में अवैध रूप से बारूद सप्लाई करने वाली एक्सप्लोसिव मैगजीन की अनियमितताओं की जांच स्थानीय पुलिस को सौंपी गई है। एटीएस ने इस पूरे मामले में अलग-अलग थानों में 7 एफआइआर दर्ज करवाई है। एटीएस अब प्रदेश में विस्फोटक सप्लायरों पर कड़ी नजर रख रही है वहीं लाइसेंसी विस्फोटक सप्लायरों के स्टॉक को लेकर भी छानबीन की जा रही है।

अवैध विस्फोटक बरामदगी

इलेक्ट्रिक डेटोनेटर: 3,162

कमर्शियल डेटोनेटर: 254

जिलेटिन छड़ें: 500

सेफ्टी फ्यूज: 395

बत्ती बंडल (लाल व हरी): लगभग 5,000 फीट

पटाखा पैकेट (छोटे-बड़े): 42

नमक: 29 कट्टे

पिसा हुआ कोयला: 20 कट्टे

काला पाउडर: 4 कट्टे

सल्फर: डेढ़ कट्टा

अन्य उपकरण: 2 मिक्सर मशीनें, 2 कांटे-बांट और 140 टोपियां।

ये आरोपी गिरफ्तार

  • डीडवाना-कुचामन में मकराना के जाटानपुरा जाखाली निवासी सम्पत।
  • जोधपुर में ओसियां के डुकियों का बास निवासी कन्हैयालाल।
  • जोधपुर में सूरसागर के कबीर नगर की तुलसी कॉलोनी निवासी आफताब।
  • जोधपुर के कमला नेहरू नगर निवासी मुशरत अंसारी।
  • जोधपुर में कुंजला के गांधीनगर निवासी खेताराम।
  • राजसमंद में देवगढ़ के शोरगरों का मोहल्ला निवासी अनीश और आसिफ

एटीएस की अपील

पुलिस ने आमजन से सजग रहने का आग्रह किया है। यदि कहीं भी अवैध बारूद या विस्फोटक से जुड़ी गतिविधि दिखे, तो तुरंत एटीएस के नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2601583 पर सूचना दें।

Updated on:
26 May 2026 11:51 am
Published on:
21 May 2026 07:01 am