rain alert inRajasthan: रात में बदलेगा मौसम का मिजाज, जयपुर सहित 6 जिलों में बारिश की चेतावनी। अगले तीन घंटे अहम, इन जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना।
Rajasthan rain news: जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने शनिवार रात को ताजा यलो अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश के छह जिलों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आगामी तीन घंटे के दौरान कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग द्वारा रात करीब साढ़े नौ बजे जारी किए गए अलर्ट के अनुसार चूरू, सीकर, नागौर, अजमेर, जयपुर और बीकानेर जिलों में बादल गरजने के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि इन क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे पहले भी मौसम विभाग ने 14 और 15 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की चेतावनी जारी की थी।
मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अलर्ट जारी कर रहा है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।