राजस्थान मौसम: सबसे अधिक बारिश दौसा में करीब सात इंच दर्ज की गई। जयपुर में करीब 3.52 इंच व जयपुर जिले के कोटखावदा में 6.4 इंच बारिश दर्ज की गई।
Rajasthan Rain: राजस्थान के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके असर से पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी भागों के करीब 21 जिलों में तीन सितंबर से पुनः भारी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी ऐसे में 4 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं 5 सितंबर को कोटा, उदयपुर, अजमेर व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी, अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम केन्द्र के अनुसार मंगलवार को भरतपुर, जयपुर संभाग, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हुई। बीते एक दिन में प्रदेश में सबसे अधिक बारिश दौसा में करीब सात इंच दर्ज की गई। जयपुर में करीब 3.52 इंच व जयपुर जिले के कोटखावदा में 6.4 इंच बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए डबल अलर्ट जारी करते हुए अलवर, करौली, सवाईमाधोपुर, जयपुर और दौसा जिले में ऑरेंज अलर्ट देते हुए अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ मध्यम बारिश और एक दो दौर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और 30-40Kmph से हवाएं चलने की संभावना है।
वहीँ चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, भरतपुर, धौलपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, पाली, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़ जिले और आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी करते हुए अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश पर तेज हवाएं (20-30 kmph) की संभावना है।