राजस्थान में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 120 घंटे का पूर्वानुमान जारी कर बताया है कि फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ी चेतावनी नहीं है।
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में आने वाले 5 दिनों के दौरान मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अगले 120 घंटे का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और किसी प्रकार की बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि कुछ जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
12 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाने की संभावना है, लेकिन मौसम शुष्क ही रहेगा। 13 और 14 फरवरी को अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
इसके बाद 15, 16 और 17 फरवरी को फिर से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों भी व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 2 नए पश्चिमी विक्षोभ क्रमिक रूप से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेंगे। पहला विक्षोभ 13 फरवरी से सक्रिय होगा, जबकि दूसरा 16 फरवरी 2026 से असर दिखाना शुरू करेगा। इन दोनों सिस्टम का असर राजस्थान के मौसम पर भी पड़ेगा।
विशेष रूप से उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान के जिलों में बादल छाने, हल्की बूंदाबांदी या कहीं-कहीं हल्की वर्षा की संभावना है। इन सिस्टम के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम सुहावना तो रहेगा लेकिन ठंड का अहसास बढ़ सकता है।