
जयपुर ।
देश में पहली बार फाइटर प्लेन उड़ाने के लिए चयनित तीन महिला पायलटों में शामिल रीवा की बिटिया अवनी ने इतिहास रच दिया है। 19 फरवरी को अवनी ने गुजरात के जामनगर में मिग-21 फाइटर प्लेन आधा घंटे तक अकेले उड़ाया। ऐसा करने वाली वह देश की पहली महिला पायलट बनी हैं। अब किसी भी तरह की आपात स्थिति में वह अकेले ही लड़ाकू विमान उड़ाने के लिए सक्षम होंगी।
फाइटर प्लेन उड़ाने वाली पहली भारतीय महिला पायलट बनीं मध्यप्रदेश की रीवा राजस्थान से भी जुड़ी हुयीं है। अवनी ने अपनी शिक्षा राजस्थान से ही पूरी की है। 22 वर्षीय अवनी चतुर्वेदी जयपुर के पास ही निवाई स्थित वनस्थली विद्यापीठ से कम्प्यूटर साइंस में बी.टेक से ग्रेजुएशन किया है और बाद में एयरफोर्स की ज्वाइनिंग ली।
एयरफोर्स की यहां से हुई शुरुआत
वनस्थली में ग्लाइडिंग व फ्लाइंग क्लब की प्रो.सीमा ने बताया कि वर्ष 2012 में अवनी का नाम फ्लाइंग क्लब के लिए 300 स्टूडेंट्स में सेलेक्ट हुआ। 2013 में अवनी को स्टूडेंट्स फ्लाइंग लाइसेंस मिला। टेसला 152 विमान उड़ाने का आत्मविश्वास देख वीसी ने एक्स्ट्रा फ्लाइंग आवर्स दिए।
अवनी ने जून 2016 में इंडियन एयर फोर्स ज्वाइन किया। और गुजरात के जामनगर एयरबेस से 19 फरवरी को अकेले ही फाइटर प्लेन एयरक्राफ्ट मिग-21 से उड़ान भरकर पहली महिला पायलट बन गईं।
प्लेन का बचपन से रहा शौक
बचपन से ही अवनि को प्लेन उड़ाने का शौक रहा है। पिता की मानें तो वह चित्र भी अक्सर प्लेन का बनाया करती थी। साथ ही कागज का प्लेन भी उड़ाकर खेला करती थी। कल्पना चावला को बचपन से ही अपना आदर्श मानती रही है।
कल्पना चावला हैं आदर्श
अवनि के पिता ने बताया कि वह बचपन से कल्पना चावला की फैन रही है। जब भी टीवी या अखबार में उनके बारे में कुछ भी प्रकाशित होता तो वह बड़े ध्यान से जानकारी लेती थी। वह अक्सर कहती थी कि कड़ी मेहनत से ऐसे मुकाम हासिल कर सकती है। उसने कमरे में कल्पना की कई तस्वीरें भी लगा रखी हैं।