जयपुर

ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी, घटा किराया, जयपुर मंडल की 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें हुईं नियमित

Indian Railway Update: ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जयपुर मंडल में संचालित 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को नियमित श्रेणी में शामिल किया है। इस फैसले के बाद कई रूटों पर किराया 30 रुपए से घटकर मात्र 10 रुपए रह गया।

2 min read
Jun 02, 2026
Daily Demu Train And Jaipur MP Manju Sharma
डेमू ट्रेन और यात्रियों से बातचीत कर फीडबैक लेती जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा (फोटो: पत्रिका)

Daily Jaipur-Sikar-Jaipur DEMU Train: नौकरी, पढ़ाई और रोजमर्रा के काम के लिए ट्रेन से अप-डाउन करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से स्पेशल ट्रेनों के नाम पर अधिक किराया चुकाने वाले यात्रियों को अब सामान्य किराए पर यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। रेलवे ने जयपुर मंडल में संचालित 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को नियमित श्रेणी में शामिल कर दिया है। इस फैसले से हजारों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और कई रूटों पर किराए में उल्लेखनीय कमी आएगी।

घट गया किराया

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इन ट्रेनों के नियमित होने के बाद कुछ रूटों पर यात्रियों को पहले की तुलना में काफी कम किराया देना होगा। कई मार्गों पर जहां स्पेशल ट्रेन के कारण यात्रियों को 30 रुपए तक किराया देना पड़ता था वहीं अब सामान्य श्रेणी में शामिल होने के बाद यह किराया घटकर मात्र 10 रुपए रह जाएगा। इससे विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और छोटे व्यापारियों को राहत मिलेगी, जो प्रतिदिन ट्रेन से यात्रा करते हैं।

सोमवार को जयपुर जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने जयपुर-सीकर-जयपुर प्रतिदिन संचालित डेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली। यात्रियों ने ट्रेनों को नियमित किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे आम लोगों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।

जयपुर मंडल की सीनियर डीसीएम पूजा मित्तल ने बताया कि लंबे समय से स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की मांग की जा रही थी। यात्रियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार इस संबंध में सुझाव दिए जा रहे थे। रेलवे प्रशासन ने मांगों पर विचार करते हुए छह जोड़ी ट्रेनों को नियमित श्रेणी में शामिल करने का निर्णय लिया है।

इन ट्रेनों को किया नियमित

नियमित की गई ट्रेनों में हनुमानगढ़-जयपुर एक्सप्रेस, सीकर-जयपुर-सीकर ट्रेन, जयपुर-भिवानी-जयपुर ट्रेन, रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी ट्रेन तथा सीकर-लोहारू-सीकर ट्रेन समेत अन्य सेवाएं शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले से यात्रियों पर आर्थिक बोझ कम होगा साथ ही क्षेत्र में रेल यात्रा को भी बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में इन मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को बेहतर और सस्ती रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा। जिनसे यात्री भार भी बढ़ने की संभावना है।

Published on:
02 Jun 2026 07:14 am