जयपुर

मुंबई पर धमाकेदार जीत के बावजूद RR कप्तान रहाणे पर गिरी ये ‘गाज’, सीज़न का पहला मामला

मुंबई पर धमाकेदार जीत के बावजूद राजस्थान रॉयल्स कप्तान रहाणे पर गिरी ये 'गाज'
2 min read
• •
Updated: 14 May 2018, 2:24 PM IST
Ajinkya rahane fined Rajasthan Royals IPL 2018

जयपुर/ मुंबई।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए जुर्माना लगाया गया है। मुंबई और राजस्थान के बीच वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को आईपीएल मैच खेला गया था। मैच में राजस्थान के कप्तान रहाणे पर निर्धारित समय से धीमी गति से ओवर डालने के आरोप में जुर्माना लगाया गया है।

इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में यह आचार संहिता से जुड़ा पहला आरोप है। इसलिए राजस्थान टीम के कप्तान रहाणे पर इसके लिए 12 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है।

राजस्थान की टीम ने इस मैच को 12 गेंदे शेष रहते सात विकेट से जीता था। वह अब आईपीएल तालिका में 12 मैचों में 12 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर आ गयी है और उसने इस जीत के साथ प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी कायम रखा है।

... लेकिन टीम जीती, मुंबई को 7 विकट से दी शिकस्त
जोस बटलर की 94 रनों की धुआंधार पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान के लिए बटलर ने 9 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने 53 गेंदों पर 94 रन बनाकर राजस्थान के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा।

राजस्थान की शुरुआत खराब रही और मेहमान टीम ने पहला विकेट 10 रनों के भीतर ही खो दिया। सलामी बल्लेबाज डार्सी शॉर्ट को चार के निजी स्कोर पर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पवेलियन की राह दिखाई।

इसके बाद, बटलर और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मेजबान टीम के गेंदबाजों पर प्रहार करना शुरू किया। बटलर ने मैदान के चारो ओर कलात्मक शॉट खेले, तो वहीं रहाणे ने एक छोर संभाले रखा।

राजस्थान को दूसरा झटका रहाणे के रूप में लगा। उन्हें हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने आउट किया। रहाणे ने 36 गेंदों पर चार चौके की मदद से 37 रन बनाए। इसके बाद, युवा बल्लेबाज संजू सैमसन ने बटलर का साथ निभाया। दोनों बल्लेबाज मिलकर राजस्थान को जीत के करीब ले गए।

हार्दिक पांड्या ने 26 के निजी स्कोर पर सैमसन को आउट लेकिन वह अपनी टीम की हार नहीं टाल सके। सैमसन ने अपनी पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए, उन्होंने कुल 14 गेंदे खेली। बेन स्टोक्स (0) नाबाद वापस लौटे। मुंबई की ओर से हार्दिक पांड्या ने दो और जसप्रीत बुमराह ने एक विकेट लिया।

Published on: