जयपुर

Jaipur : जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध! सात फीट की दीवार फांदकर अंदर घुसा युवक, सीआइएसएफ ने धर दबोचा

Jaipur : जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया। जयपुर एयरपोर्ट की 7 फीट ऊंची दीवार फांदकर एक युवक अंदर घुसा। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कम्प मच गया।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 7:01 PM IST
jaipur airport seven foot wall climbed and entered man cisf arrested
Jaipur : फाइल फोटो पत्रिका

Jaipur : जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह सुरक्षा में सेंध का मामला सामने आया। पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर निवासी 40 वर्षीय नंदा दुलाल दास टर्मिनल-2 के पास करीब सात फीट ऊंची दीवार फांदकर परिसर में घुस गया। सीआइएसएफ जवानों ने उसे तत्काल पकड़कर एयरपोर्ट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक शराब के नशे में था और जयपुर घूमने आया था। पूछताछ में उसने बताया कि कुछ लोग उसके पीछे पड़े थे, उनसे बचने के लिए वह जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट में घुसा था। उसने दीवार के पास पड़ी लकड़ियों को इकट्ठा कर सीढ़ी की तरह इस्तेमाल किया और दीवार फांद ली। सीआइएसएफ के एएसआइ श्रवण कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस आरोपी के बयान की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एयरपोर्ट की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसने के पीछे उसकी असल मंशा क्या थी? सुरक्षा से जुड़े इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

आरोपी सवालों का ठीक से नहीं दे पा रहा है जवाब

थानाधिकारी विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि सीआईएसएफ के एएसआई श्रवण कुमार ने आरोपी के खिलाफ 18 नवंबर को जयपुर एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी जयपुर एयरपोर्ट की बाउंड्री कूदकर अंदर चला गया। इस रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2) के तहत आरोपी के खिलाफ गैर कानूनी रूप से हवाई अड्डे में जाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसकी जांच थाने के एएसआई रामराज को सौंपी गई है।

थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी नंदा दुलाल दास को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ और मुकदमे में अग्रिम अनुसंधान जारी है। आरोपी खानाबदोश है। प्रारंभिक तौर पर उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। वह फिलहाल, पुलिस के सवालों का जवाब भी ठीक से नहीं दे पा रहा है। आरोपी का मेडिकल मुआयना भी करवाया जा रहा है।

Updated on:
19 Nov 2026, 7:01 PM IST
Published on: