
जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। रविवार को एयरलाइन की दुबई और मुंबई रूट की उड़ानें रद्द रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आने-जाने वाली कुल चार उड़ानों का संचालन नहीं हो सका। अचानक फ्लाइट रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। कई यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी। वहीं, दूसरी एयरलाइंस की कुछ उड़ानें भी देरी से संचालित हुईं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, स्पाइसजेट की दुबई से शाम 5:55 बजे जयपुर पहुंचने वाली फ्लाइट और जयपुर से शाम 6:55 बजे दुबई जाने वाली उड़ान रद्द कर दी गई। इसी तरह मुंबई से रात 8:25 बजे जयपुर आने वाली और रात 9:25 बजे जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट भी संचालित नहीं होगी। एयरलाइन की ओर से उड़ानें रद्द करने के पीछे ऑपरेशनल कारण बताए गए।
जयपुर-मुंबई रूट पर स्पाइसजेट की सेवाओं को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। हाल ही में शुरू की गई एसजी-701 और एसजी-702 उड़ानों का 7 नवंबर से 15 नवंबर तक एक भी दिन नियमित संचालन नहीं हो सका। निर्धारित समय के अनुसार मुंबई से जयपुर आने वाली फ्लाइट शाम 8:30 बजे और जयपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट रात 9:30 बजे रवाना होनी थी। लगातार उड़ानें प्रभावित होने से इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्पाइसजेट की परिचालन संबंधी परेशानियों के बीच दुबई एयरपोर्ट से जुड़ा भुगतान विवाद भी सामने आया है। 12 नवंबर को दुबई एयरपोर्ट्स ने करीब 1.4 करोड़ दिरहम यानी लगभग 35.8 करोड़ रुपए का बकाया नहीं चुकाने पर एयरलाइन की चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। इसके चलते दुबई से जयपुर, मुंबई, अमृतसर और दिल्ली जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इस मामले में स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा था कि कंपनी संबंधित अधिकारियों के साथ समस्या का समाधान करने में जुटी है। एयरलाइन ने पर्याप्त बैंक गारंटी होने की बात भी कही थी।
इधर, इंडिगो एयरलाइन की बेंगलुरु से जयपुर आने वाली फ्लाइट भी निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी। शाम 6:30 बजे आने वाली यह उड़ान करीब दो घंटे की देरी से जयपुर पहुंचने की संभावना है। इसके चलते जयपुर से बेंगलुरु जाने वाली वापसी की उड़ान भी प्रभावित होगी। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ रहा है।
लगातार उड़ानों के रद्द होने और देरी से यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। ऐसे में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सलाह है कि एयरपोर्ट रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें।