
Jaipur ATM Robbery Case: राजधानी जयपुर के जगतपुरा महल रोड पर 14 सितंबर को हुई करीब 42 लाख रुपए की लूट के मामले में रामनगरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात के सरगना मस्तराम मीणा उर्फ मस्ती (28) को गिरफ्तार किया है। करौली निवासी आरोपी को पुलिस ने बुधवार को इंदिरा गांधी नगर इलाके से पकड़ा। आरोपी के कब्जे से चार लाख रुपए नकद, एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और छह कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मस्तराम लगातार ठिकाने बदल रहा था। आरोपी कोटा और कोयम्बटूर सहित अलग-अलग स्थानों पर फरारी काट रहा था। पुलिस को उसके जयपुर आने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने निगरानी बढ़ाई और इंदिरा गांधीनगर इलाके में पहुंचने पर उसे दबोच लिया।
पुलिस जांच के मुताबिक, 14 सितंबर को अक्षयपात्र मंदिर के पास बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से नकदी निकालकर कर्मचारी लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें हथियार दिखाकर रोक लिया। बदमाश कर्मचारियों से करीब 42 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
लूटकांड की जांच के दौरान पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें अंशु कुमार जाटव, सुमित जंगम, पुष्पेंद्र मीणा और मस्तराम मीणा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से अब तक कुल 38 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस अब लूट की शेष रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य हथियारों के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मस्तराम मीणा को पकड़ने में कांस्टेबल राजेश, मुनेश और सुशील की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की पूरी साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा वारदात के बाद लूटी गई रकम को कहां-कहां छिपाया गया।