7 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘धंधा करना है तो रंगदारी दो…’: जयपुर में जमीन की देखभाल करने वाले को जान से मारने की धमकी, कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अरेस्ट

रंगदारी और हत्या की धमकी देने के मामले में जयपुर नॉर्थ डीएसटी और जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने 10 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर हिमांशु जांगिड़ और उसके साथी देवाशीष भगत को गिरफ्तार किया है। हिमांशु उर्फ जहांगीर इंदिरा कॉलोनी बनीपार्क और उसका साथी देवाशीष शक्ति नगर हरमाड़ा के रहने वाले हैं।
2 min read
Google source verification

जयपुर

•

image

Arvind Rao

•

Oct 07, 2026

wanted history sheeter arrested in jaipur

रंगदारी नहीं देने और हत्या की धमकी के मामले में इनामी हिस्ट्रीशीटर साथी सहित गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)

Jaipur Crime News: जयपुर: रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में जयपुर नॉर्थ डीएसटी और जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर हिमांशु जांगिड़ और उसके साथी देवाशीष भगत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हिमांशु उर्फ जहांगीर इंदिरा कॉलोनी, बनीपार्क का रहने वाला है, जबकि उसका साथी देवाशिष शक्ति नगर, हरमाड़ा क्षेत्र का निवासी है।

जमीन की देखभाल करने वाले को दी थी धमकी

डीसीपी नॉर्थ करन शर्मा ने बताया कि बनीपार्क थाने का हिस्ट्रीशीटर हिमांशु एक संगठित गिरोह चलाता है। आरोपी फरारी के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए इंटरनेट आधारित विदेशी नंबरों का इस्तेमाल करता था। पुलिस टीम जब उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने पहुंची तो उसने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।

पुलिस के मुताबिक, 21 मई को जयसिंहपुरा खोर थाने में दर्ज मामले में आरोप है कि हिमांशु अपने कई साथियों के साथ लग्जरी गाड़ियों में सवार होकर एक जमीन पर पहुंचा था। वहां जमीन की देखभाल करने वाले व्यक्ति को धमकाते हुए आरोपियों ने कहा कि अगर धंधा करना है तो रंगदारी देनी होगी, वरना जान से मार देंगे। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई और पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

लग्जरी गाड़ियों से पहुंचा था गिरोह

जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ लग्जरी वाहनों में मौके पर पहुंचा था। पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जानकारी जुटाई। इसी आधार पर जयपुर नॉर्थ डीएसटी और जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस की टीम ने दबिश देकर हिमांशु जांगिड़ और देवाशिष भगत को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या, लूट और अपहरण समेत दो दर्जन से ज्यादा केस

पुलिस के अनुसार हिमांशु जांगिड़ के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अमरसर सरपंच, इन्द्र खटीक और एक संगमरमर व्यापारी की हत्या के मामले शामिल हैं। इसके अलावा झोटवाड़ा इलाके में प्रदीप यादव पर जानलेवा हमला करने का मामला भी उसके खिलाफ दर्ज है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी आपराधिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।