
Jaipur Bhankrota Fire Incident: जयपुर के भांकरोटा थाना क्षेत्र में मकान में अचानक आग लगने से युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान आनंद के रूप में हुई है। हादसे के समय आनंद और उनकी पत्नी अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। आग आनंद के कमरे में लगी थी। आग इतनी भयावह था कि मौके पर ही आनंद की मौत हो गई।
पुलिस को जैसे ही मामले की सूचना मिली, तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आग लगने के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर कमरे में आग किस वजह से लगी और हादसे के वक्त वहां किन परिस्थितियों में आग फैली।
फिलहाल आग लगने के कारण का पता नहीं लग पाया है। मृतक आनंद का शव एसएसएस मोर्चरी में रखवाया गया है।
जयपुर के भांकरोटा इलाके में अजमेर रोड स्थित JCB डीलर के वर्कशॉप में 29 दिसंबर 2025 की शाम अचानक आग भड़क उठी थी। देखते ही देखते आग ने वर्कशॉप के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। मौके से उठता काले धुएं का गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर तक नजर आया। बता दें कि उस समय वर्कशॉप में लगभग 70 से 80 कर्मचारी मौजूद थे। आग फैलने से पहले सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटनास्थल के आसपास पेट्रोल पंप, स्कूल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स मौजूद होने के कारण आग को लेकर खतरा और बढ़ गया था। कतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर आसपास के पेट्रोल पंप कुछ समय के लिए बंद करवा दिए गए थे।
आग की चपेट में आने से वर्कशॉप में रखा काफी सामान बर्बाद हो गया। इसमें टायर, तेल, ग्रीस, केमिकल, स्पेयर पार्ट्स, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज शामिल थे। बताया गया कि हादसे में करीब 12 अर्थमूवर मशीनें भी पूरी तरह जल गईं। शुरुआती पड़ताल में वर्कशॉप में मौजूद ज्वलनशील तेल और ग्रीस को आग के तेजी से फैलने की संभावित वजह माना गया था।