जयपुर

जयपुर में चाइनीज मांझे से 7 साल के बच्चे का गला कटा, खून से लथपथ बेटे को लेकर दौड़े पिता, लगे 17 टांके

जयपुर के गलतागेट चौराहे पर रविवार सुबह स्कूटी से घर जा रहे 7 साल के अबू तल्हा का गला चाइनीज मांझे से कट गया। मांझा हटाने की कोशिश में उसकी उंगलियां भी जख्मी हो गईं। एसएमएस अस्पताल में गले पर 17 टांके लगे।
3 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 2:33 PM IST
jaipur child throat slashed chinese manjha
चाइनीज मांझे से कटा 7 साल के बच्चे का गला, 17 टांके आए (फोटो सोशल मीडिया)

Jaipur Chinese Manjha Accident: जयपुर के गलतागेट चौराहे पर रविवार (29 नवंबर) सुबह चाइनीज मांझे की चपेट में आने से सात साल का अबू तल्हा घायल हो गया। वह अपने माता-पिता के साथ स्कूटी पर खोह नागोरियान स्थित घर जा रहा था। रास्ते में मांझा उसके गले में अटक गया, जिससे गले पर गहरा कट लग गया। मांझा हटाने की कोशिश में बच्चे की उंगलियां भी जख्मी हो गईं। पिता उसे सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके गले पर 17 टांके लगाए।

स्कूटी पर आगे खड़ा था अबू तल्हा

खोह नागोरियान निवासी उमर एसएमएस अस्पताल के लिए एंबुलेंस चलाते हैं। उनके दोनों बेटे गलतागेट के ईदगाह इलाके में अपनी ननिहाल में रहते हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे उमर अपनी पत्नी और बेटे अबू तल्हा को एक्टिवा स्कूटी पर लेकर खोह नागोरियान जा रहे थे। अबू तल्हा स्कूटी पर आगे खड़ा था।

स्कूटी जब गलतागेट चौराहे पर पहुंची तो चाइनीज मांझा अबू तल्हा के गले में आकर फंस गया। मांझे से गला कटते ही बच्चा दर्द से कराहने लगा। उसने हाथ से मांझा पकड़कर उसे गले से हटाने की कोशिश की। इसी दौरान मांझे से उसकी उंगलियों पर भी कट लग गए।

पिता ने स्कूटी रोकी और बेटे को अस्पताल पहुंचाया

बेटे को घायल देखकर उमर ने तुरंत स्कूटी रोकी और उसे संभाला। बच्चे के गले से खून बह रहा था। उमर ने उसके गले पर कपड़ा बांधा और उसे लहूलुहान हालत में एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे के गले के घाव का इलाज किया। कट बड़ा होने के कारण डॉक्टरों को 17 टांके लगाने पड़े। मांझे से घायल उंगलियों पर भी पट्टी की गई। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पिता ने चाइनीज मांझे पर रोक लगाने की मांग की

घटना के बाद अबू तल्हा के पिता उमर ने चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर चिंता जताई। उनका कहना है कि जिस तरह से चाइनीज मांझे का इस्तेमाल हो रहा है, उसे देखते हुए इस पर जल्द से जल्द रोक लगाई जानी चाहिए।

चाइनीज मांझे से गला कट जाए तो क्या करें?

  • तुरंत 112 पर फोन कर एंबुलेंस मांगें। अपना स्थान बताएं और जानकारी दें कि घायल की गर्दन पर कट है। सांस लेने में परेशानी हो रही है तो यह बात भी फोन पर बताएं।
  • साफ कपड़े या गॉज से सीधे घाव पर दबाव दें। दबाव खून बहने वाली जगह तक सीमित रखें। सांस की नली या गर्दन के दोनों तरफ दबाव न दें और गर्दन के चारों ओर कपड़ा कसकर न बांधें।
  • घाव में कोई चीज धंसी हो तो उसे न खींचें। उस पर सीधे दबाव देने से बचें और एम्बुलेंस आने तक फोन पर मिले निर्देशों का पालन करें।

जयपुर में चाइनीज मांझे से कब-कब हुआ हादसा?

हादसे की तारीखजयपुर में जगहक्या हुआ
21 जून 2026सोडाला, रामनगर मेट्रो स्टेशन के पास एलिवेटेड रोडप्रतियोगी परीक्षा देकर बाइक से लौट रहे अजय शर्मा की गर्दन में चाइनीज मांझा उलझ गया। उसे हटाने की कोशिश में अंगूठे समेत तीन उंगलियां भी जख्मी हुईं। इलाज के बाद छुट्टी मिली।
14 जनवरी 2026जयपुरमकर संक्रांति पर मुंबई से जयपुर आए छह साल के धीर सांगानेरिया का चाइनीज मांझे से गला कट गया। हादसे के वक्त वह कार की सनरूफ से बाहर झांक रहा था। उसकी मौत हो गई।
14 जनवरी 2023विद्याधर नगर, स्टेडियम के पासहोटल से बाइक पर घर लौट रहे युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। गहरा घाव होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया।
22 दिसंबर 2019त्रिपोलिया बाजार के पासपिता और भाई के साथ किशनपोल जा रहे साढ़े चार साल के फैजुद्दीन का लाल बत्ती पर रुकने के दौरान चाइनीज मांझे से गला कट गया। बच्चे की मौत हो गई।
13 जनवरी 2019विद्याधर नगरपार्क में खेल रहे छह साल के खुश अग्रवाल का चाइनीज मांझे से गला कट गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार कर मांझे की तीन रीलें बरामद कीं।
Updated on:
29 Nov 2026, 2:33 PM IST
Published on: