Diwali 2023: राजधानी के बाजारों में दिवाली का उत्साह नजर आने लगा है। बाजारों में दिवाली की खरीदारी शुरू हो चुकी है, वहीं दीपोत्सव के स्वागत में शहर के बाजार सजने लगे है। इस बार बाजारों में अलग—अलग थीम पर सजाया जा रहा है।
जयपुर। राजधानी के बाजारों में दिवाली का उत्साह नजर आने लगा है। बाजारों में दिवाली की खरीदारी शुरू हो चुकी है, वहीं दीपोत्सव के स्वागत में शहर के बाजार सजने लगे है। इस बार बाजारों में अलग—अलग थीम पर सजाया जा रहा है। बाजारों में लोगों को धार्मिक वातावरण के साथ आधुनिकता की झलक भी देखने को मिलेगी। बाजार में समुद्र मंथन के साथ देवी—देवताओं के दर्शन होंगे। तिरंगा थीम भी नजर आएगी। वहीं मैसूर पैलेस, हवामहल, मेट्रो आदि भी बाजार के बीच नजर आएंगे। व्यापारी लोगों को शत प्रतिशत मतदान करने का संदेश देते नजर आएंगे।
शहर के एमआई रोड, चांदपोल बाजार, त्रिपोलिया बाजार, गणगौरी बाजार, चौड़ा रास्ता, जौहरी बाजार सहित अन्य बाजारों में दिवाली की सामूहिक सजावट का काम शुरू हो चुका है। वहीं छोटे बाजारों के साथ गलियों के मार्केट भी सजने लगे है। हल्दियों का रास्ता में दिवाली की रंगत नजर आने लगी है। दिवाली सजावट के बीच लोगों को शत प्रतिशत मतदान करने का संदेश दिया जाएगा। इसके लिए दुकानों पर बैनर भी लगाए जाएंगे। दुकानदार अपने ग्राहकों से मतदान के लिए आग्रह भी करेंगे। इस बार शहर के बाजारों में 5 से 7 दिन तक रोशनी होगी।
चांदपोल बाजार: देवी—देवताओं के दर्शन
शहर के चांदपोल बाजार में सामूहिक सजावट का काम शुरू हो चुका है। बाजार में जगह—जगह देवी—देवताओं के दर्शन होंगे, इसके लिए 15 से अधिक झांकियां सजाई जा रही है। बाजार में दीपक जगमग होते नजर आएंगे। वहीं छोटी चौपड़ पर समुद्र मंथन होता नजर आएगा। छोटी चौपड़ पर मेट्रो ट्रेन चलती नजर आएगी। इसके साथ ही बाजार में हवामहल, अल्बर्ट हॉल, मैसूर महल के अलावा टाइटेनिक जहाज भी नजर आएगा। बाजार में पुष्पक विमान भी देखने को मिलेगा। चांदपोल बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष गोयल ने बताया कि छोटी चौपड़ पर समुद्र मंथन और देवी—देवताओं के दर्शन का स्वागत द्वार बनाया जा रहा है। इस स्वागत द्वार को बनाने में बंगाल से आए करीब 100 कारीगर लगे हुए है। इसमें क्षीरसागर में समुद्र मंथन सा नजारा देखने को मिलेगा। दीपावली सजावट समिति संयोजक अचल जैन एवं चेतन अग्रवाल ने बताया कि इस बार चांदपोल बाजार में कैंडल लाइट थीम पर बाजार को सजाया जा रहा है। पूरे बाजार में विभिन्न झांकियां के माध्यम से देवताओं के दर्शन करने को मिलेंगे। चुनाव के लिए भी मतदान जागरूकता के भी फ्लेक्स एवं सेल्फी के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इसके लिए बाजार में जगह—जगह संदेश देते फ्लैग्स नजर आएंगे। वहीं छोटी चौपड़ पर एक सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा।
त्रिपोलिया बाजार: तिरंगी थीम
दिवाली की सामूहिक सजावट में त्रिपोलिया बाजार तिरंगे रंग में रंगा नजर आएगा। बाजार को तिरंगा थीम पर सजाया जा रहा है। बाजार में करीब एक किलोमीटर में तिरंगा रंग नजर आएगा। हर लाइट पोल पर तिरंगा देखने को मिलेगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि बाजार में लाइटिंग का स्वींच आॅन दिवाली के तीन पहले हो जाएगा। सामूहिक सजावट में बाजार इस बार तिरंगे रंग में रंगा नजर आएगा, जो रात के साथ दिन में भी लोगों को आकर्षित करेगा, यानी दिन में बाजार तिरंगे रंग में रंगा नजर आएगा।
चौड़ा रास्ता : कलरफुल थीम
दिवाली पर चौड़ा रास्ता में इस बार विभिन्न कलर बिखरे नजर आएंगे। बाजार में लाइटिंग से रंगाली नजर आएगी। वहीं लाइटिंग का कैप्शूल फव्वारा चलता नजर आएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष सोभागमल अग्रवाल ने बताया कि बाजार में दिवाली की सजावट का काम शुरू हो चुका है। बाजार में इस बार विशेष रोशनी देखने को मिलेगी। दिवाली लाइटिंग का त्योहार है, ऐसे में बाजार में कलरफुल लाइटिंग देखने को मिलेगी। बाजार में लाइट के 9 पेड बनाए जा रहे है, जो लोगों को आकषित करते नजर आएंगे।