
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में ठगी का बदला लेने के लिए युवक के अपहरण और जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपियों ने पहले युवक की कार को काली SUV से टक्कर मारी, फिर लाठी-सरियों से हमला कर उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया। कालवाड़ थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सेना के जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल काली एसयूवी और कार भी बरामद कर ली है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर ठगी का बदला लेने के लिए अपहरण की साजिश रची थी। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और मदद से अपहृत युवक को सुरक्षित छुड़ा लिया गया था।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 2 नवंबर को मनीष यादव ने कालवाड़ थाने में अपने भाई गोविंद यादव के अपहरण और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, गोविंद अपनी कार से पड़ोसी कौशल स्वामी और दो अन्य दोस्तों के साथ जा रहा था। शाम करीब सात बजे रॉयल सिटी के पास एक मिष्ठान भंडार के सामने उनकी कार खड़ी थी। इसी दौरान काले रंग की एक एसयूवी तेज रफ्तार में गलत दिशा से आई और गोविंद की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद जीप और अन्य वाहनों से करीब 6-7 युवक नीचे उतरे। आरोप है कि युवकों ने लाठी-सरियों से कार पर हमला करना शुरू कर दिया।
हमले के दौरान कौशल स्वामी और उसके दो साथी मौके से भाग निकले, लेकिन आरोपियों ने गोविंद को पकड़ लिया। उसे सड़क पर पटककर मारपीट की और जबरन एसयूवी में डालकर सुशांत सिटी की तरफ ले गए। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक के पास पिस्टल भी थी। घटना की सूचना मिलते ही कालवाड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के आधार पर फागी के बिहारीपुरा निवासी राजेश चौधरी (29), माधोराजपुरा निवासी राजू लाल मीणा (28) और सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा निवासी भागीरथ गुर्जर (26) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजेश चौधरी सेना में जवान है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी साजिश, ठगी से जुड़े विवाद और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।