जयपुर

Jaipur Crime : शाबाश! जयपुर में रात में मनचले से भिड़ी युवती, पीछा कर आरोपी को पुलिस से पकड़वाया

Jaipur Crime : शाबाश! जयपुर के श्याम नगर इलाके में देर रात स्कूटी सवार युवती से छेड़छाड़ करने वाले मनचले से डरने के बजाए पीड़िता ने उसका पीछा कर आरोपी को पुलिस से पकड़वाया।

2 min read
ग्राफिक्स फोटो पत्रिका

Jaipur Crime : जयपुर के श्याम नगर इलाके में देर रात स्कूटी सवार युवती से छेड़छाड़ करने वाले मनचले को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सबसे खास बात पीड़िता की बहादुरी रही, जिसने वारदात के बाद डरने के बजाय आरोपी का पीछा किया और पुलिस को अहम सुराग दिए। पुलिस ने आरोपी श्याम नगर निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार घटना 13 मई की अलसुबह करीब 3 बजे की है। पीड़िता स्वेज फार्म से स्कूटी पर घर लौट रही थी। इसी दौरान श्याम नगर क्षेत्र की सुनसान सड़क पर आरोपी ने उसकी स्कूटी के पास आकर छेड़छाड़ की और फरार हो गया। अचानक हुई घटना से सहमी युवती ने हिम्मत नहीं हारी और थोड़ी दूरी पर पुरानी चुंगी नाकाबंदी पॉइंट पर मौजूद गश्त अधिकारी व थानाधिकारी दलबीर सिंह को पूरी घटना बताई।

उसी रास्ते पर पहुंची, आरोपी दिखा

इसके बाद पीड़िता साहस दिखाते हुए वापस उसी रास्ते पर पहुंची, जहां आरोपी एक दुकान के बाहर खड़ा दिखाई दिया। युवती को देखकर आरोपी भागने लगा तो उसने शोर मचाते हुए अपनी स्कूटी से उसका पीछा भी किया। हालांकि आरोपी वहां से फरार हो गया, लेकिन पीड़िता की सतर्कता से पुलिस को जांच में अहम मदद मिली।

पुलिस ने दबोचा

महिला सुरक्षा को लेकर जारी सख्त निर्देशों के तहत पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम में शामिल कांस्टेबल पवन कुमार ने इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी सुनील कुमार को चिह्नित कर दबोच लिया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

महिला से छेड़छाड़ करने वाला युवक गिरफ्तार

वहीं दूसरी तरफ जयपुर पुलिस ने डिकॉय कार्रवाई करते हुए राह चलती युवती से छेड़छाड़ और पीछा करने वाले युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि शुक्रवार को वैशाली नगर थाना क्षेत्र में महिला कांस्टेबल और चेतक जाप्ते को सादा वेश में तैनात किया गया था। इसी दौरान खातीपुरा तिराहे पर एक युवक युवती का पीछा करते हुए छेड़छाड़ करता मिला। पुलिस टीम ने आरोपी शांति नगर हसनपुरा निवासी पंकज पंवार (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है और उसके रिकॉर्ड की जानकारी कर रही है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Summer Vacation : राजस्थान के शिक्षा विभाग का आदेश, शिक्षकों-कार्मिकों को लगा झटका, शिक्षक संगठन नाराज
Published on:
17 May 2026 06:26 am
Also Read
View All