28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Jaipur / IAS शिखर अग्रवाल की बढ़ी मुश्किलें, सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत; हाईकोर्ट को जल्द सुनवाई के दिए निर्देश

IAS शिखर अग्रवाल की बढ़ी मुश्किलें, सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत; हाईकोर्ट को जल्द सुनवाई के दिए निर्देश

64 विला खरीदने के मामले में घिरे IAS शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिली है। शीर्ष अदालत ने मामले में दखल देने से इनकार करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट को जल्द सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Harshita Saini

•

Updated: 28 Nov 2026, 4:12 PM IST

ias shikhar agrawal

IAS शिखर अग्रवाल

जयपुर. एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाकर बहुत कम दामों में 64 विला खरीदने के मामले में फंसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राजस्थान हाईकोर्ट से झटका लगने के बाद वे सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन शनिवार को उन्हें वहां से भी कोई राहत नहीं मिल पाई। जस्टिस जॉयमाला बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने उनकी याचिका पर सुनवाई की और सुनवाई के दौरान उन्होंने इस मामले में दखल देने से साफ मना कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने हाईकोर्ट से मामले की जल्द सुनवाई करने और इसे अनावश्यक रूप से न टालने के निर्देश दिए हैं।

राहत के लिए हाईकोर्ट जाने की मिली छूट

सुप्रीम कोर्ट ने अभी किसी भी तरह की रोक लगाने से मना करते हुए शिखर अग्रवाल से कहा है कि अगर उन्हें तुरंत राहत चाहिए, तो वे हाईकोर्ट में अर्जी लगा सकते हैं। कोर्ट ने दोनों पक्षों को अपनी सारी बातें हाईकोर्ट में ही रखने को कहा है। दरअसल, इससे पहले 19 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट ने सरकार और एसीबी (ACB) से जवाब तो मांगा था, लेकिन जांच पर रोक लगाने से मना कर दिया था और अगली तारीख 18 दिसंबर तय की थी। इसी फैसले के खिलाफ शिखर अग्रवाल सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे।

सुप्रीम कोर्ट में आमने-सामने हुए देश के बड़े वकील

सुनवाई के दौरान शिखर अग्रवाल की ओर से देश के जाने-माने वकील और पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि शिखर अग्रवाल का पूरा करियर साफ-सुथरा रहा है। जब वे विदेश में थे, तब बिना उनकी बात सुने ही जांच के आदेश दे दिए गए। उन्होंने जो भी विला खरीदे हैं, उनकी जानकारी पहले ही सरकारी रिटर्न में दे रखी है। ऐसे में उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। वहीं, राजस्थान सरकार की ओर से अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी, शिव मंगल शर्मा और पद्मेश मिश्रा ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि जब मामला पहले से हाईकोर्ट में चल रहा है, तो शिखर अग्रवाल को यहां से राहत नहीं दी जानी चाहिए।

ये है पूरा मामला

यह पूरा मामला जयपुर के मशहूर अनंता रिसॉर्ट से जुड़ा है। एसीबी ने 31 अक्टूबर को मामले की जांच शुरू की थी। इसके बाद 18 नवंबर को आईएएस शिखर अग्रवाल, अनंता रिसॉर्ट्स की कंपनी गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर मुकुंद शरण गोयल, एमडी संजय गोयल समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

एसीबी की जांच में सामने आया कि शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर, दोनों बेटों और सास-ससुर के नाम पर ढाई साल में एक ही कंपनी से 40 विला और कॉटेज खरीदे गए। इसके अलावा अक्टूबर में दोनों बेटों के नाम पर 24 और विला खरीदे गए। आरोप है कि कंपनी के ब्रोशर में एक विला की कीमत 59 लाख रुपए थी, लेकिन इन्हें सिर्फ 11-11 लाख रुपए में खरीदा गया। इस तरह शिखर अग्रवाल और उनके परिवार के नाम पर खरीदे गए विला और कॉटेज की कुल संख्या 64 हो गई। शिखर अग्रवाल पर एक ही कंपनी से कम दाम में विला खरीद कंपनी को अनैतिक तरीके से फायदा पहुंचाने का आरोप है।