जयपुर

जयपुर में सिलेंडर ब्लास्ट से भीषण आग : अवैध रिफिलिंग के दौरान धमाका, लाखों का सामान जलकर राख

खोह नागोरियान थाना इलाके में बुधवार शाम अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान धमाका हो गया। हादसे में पास की एक डेकोरेशन आइटम गिफ्ट शॉप में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।

2 min read
Mar 04, 2026
धमाके के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग के दौरान हुए धमाके से भीषण आग भड़क उठी, जिसने पास की एक डेकोरेशन और गिफ्ट आइटम की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

मामले में सेक्टर-8, इंदिरा गांधी नगर, जगतपुरा निवासी कपिल खंडेलवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कपिल पिछले चार वर्षों से इंदिरा गांधी नगर क्षेत्र में किराए की दुकान लेकर डेकोरेशन और गिफ्ट आइटम का व्यवसाय कर रहे हैं। दुकान के मालिक दिनेश मीणा हैं। कपिल के अनुसार, पड़ोस की दो दुकानों में सुरेंद्र गुर्जर और विष्णु गुर्जर किराएदार के रूप में कार्य कर रहे थे। आरोप है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग का काम करते थे।

ये भी पढ़ें

ब्यावर : ‘बादशाह’ बने चन्द्रशेखर अग्रवाल का हृदयाघात से निधन, शहर में पसरा मातम

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड (फोटो-पत्रिका)

किराए के लालच में चल रही थी दुकान

पीड़ित का कहना है कि इस अवैध गतिविधि की जानकारी दुकान मालिक को भी थी। उन्होंने कई बार इस संबंध में आपत्ति जताई, लेकिन किराए के लालच में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कपिल का आरोप है कि उन्हें बताया गया था कि पड़ोसी दुकान क्रॉकरी की है, जबकि अंदर गैस सिलेंडर रिफिलिंग का अवैध कारोबार चल रहा था।

दूर से देखते लोग (फोटो-पत्रिका)

तेज धमाके के बाद फैली आग

बुधवार शाम करीब सात बजे कथित तौर पर सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ ही आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते पास की डेकोरेशन शॉप तक फैल गईं। दुकान में रखा गिफ्ट आइटम, सजावटी सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अवैध गैस रिफिलिंग के आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Crime: किशोर के सीने में चाकू घोंप कर हत्या, साथी की हालत गंभीर, होली खेलकर लौट रहे थे घर

Updated on:
04 Mar 2026 10:29 pm
Published on:
04 Mar 2026 10:21 pm
Also Read
View All

अगली खबर