Murder Attempt: सुनसान रास्ते पर दोनों ने मिलकर गोविंद मीणा पर हमला कर दिया। बाडेवाल ने चाकू से उसकी गर्दन और पेट पर कई वार किए, वहीं पीछे बैठे गिरधारी जाट ने रस्सी से गला दबाने का प्रयास किया।
Jaipur Crime News: जयपुर के मुहाना इलाके में 30 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि उधार लिए पैसे लौटाने के बहाने युवक को बुलाकर उसके साथ जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने कार में ही पहले गला रेतने और फिर पेट में चाकू घोंपने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार बांस बीलवा निवासी गोविंद मीणा ने रामचंद्रपुरा निवासी गोविंद बाडेवाल को करीब 30 लाख रुपए उधार दे रखे थे। मंगलवार को बाडेवाल ने फोन कर पैसे लौटाने की बात कही और गोविंद मीणा को लालबाग बुलाया। वहां मिलने के बाद आरोपी उसे अपने घर ले गया। इसके बाद रिश्तेदार से पैसे दिलवाने का झांसा देकर उसे रिंग रोड की ओर ले जाने लगा। रास्ते में आरोपी ने अपने साथी गिरधारी जाट को भी कार में बैठा लिया, जिससे पूरी साजिश साफ नजर आती है।
सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने मिलकर गोविंद मीणा पर हमला कर दिया। बाडेवाल ने चाकू से उसकी गर्दन और पेट पर कई वार किए, जबकि पीछे बैठे गिरधारी जाट ने रस्सी से उसका गला घोंटने का प्रयास किया। अचानक हुए इस हमले से युवक बुरी तरह घायल हो गया, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।
हमले के दौरान गोविंद किसी तरह कार से बाहर निकलकर जान बचाने के लिए भागा। वह लहूलुहान हालत में पास के एक धर्मकांटे तक पहुंचा और अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मानसरोवर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन उपचार जारी है।
मुहाना थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोविंद बाडेवाल और गिरधारी जाट के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में लेन-देन के विवाद को ही हमले की मुख्य वजह माना जा रहा है।