जयपुर

Jaipur Viral Video : छेड़छाड़ करने वाले सभी बदमाश चढ़े हत्थे- अब पुलिस करेगी ‘बड़ा खुलासा’! जानें इस वक्त की सबसे बड़ी खबर

जयपुर के मुहाना क्षेत्र में बाइक सवार युवती से छेड़छाड़ और उसका वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है; पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्य आरोपियों सहित सभी चार बदमाशों को डिटेन कर लिया गया है।
2 min read
Apr 12, 2026
बाइक सवार लड़की से छेड़छाड़ मामला (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)
बाइक सवार लड़की से छेड़छाड़ मामला (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)

राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवती के साथ हुई छेड़छाड़ और उसकी रील बनाकर वायरल करने के सनसनीखेज मामले में जयपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में शामिल मुख्य आरोपियों सहित कुल चार बदमाशों को डिटेन कर लिया गया है। इस घटना ने न केवल पिंक सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे, बल्कि अब इस पर प्रदेश की सियासत भी चरम पर पहुंच गई है।

चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में !

मुहाना थानाधिकारी गुर भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर दबिश देकर चारों आरोपियों को धर दबोचा है।

  • मुख्य आरोपी: मनराज मीणा और सुदामा मीणा (निवासी टोंक)।
  • सहयोगी: दो अन्य बदमाश जो पीछे की बाइक पर वीडियो बना रहे थे।

पुलिस फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी पर ज्यादा विवरण साझा नहीं कर रही है, लेकिन माना जा रहा है कि आज शाम जयपुर पुलिस के आला अधिकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का बड़ा खुलासा करेंगे

पुलिस की कार्यशैली पर उठने लगे थेसवाल

राजधानी की सड़कों पर 'रील' बनाने और वायरल करने का जुनून अब बदमाशों को भारी पड़ गया है। वायरल वीडियो में साफ देखा गया था कि किस तरह दो बदमाश बाइक पर युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे, जबकि पीछे वाली मोटरसाइकिल पर सवार उनके दो अन्य साथी इस पूरी घटना का वीडियो शूट कर रहे थे।

रील के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जयपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे, जिसके बाद आला अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया।

पीड़िता के बयान दर्ज करने की तैयारी

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर एफआईआर में धाराओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है और वे आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग कर रहे हैं।

पूर्व सीएम गहलोत का सरकार पर सीधा हमला

इस घटना ने राजस्थान की राजनीति में भी भूचाल ला दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना 'असामाजिक सोच' का प्रतीक है और प्रदेश में अपराधियों से कानून का डर खत्म हो चुका है।

गहलोत के तीन बड़े वार:

  1. गृह मंत्री की मांग: गहलोत ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रदेश को एक 'पूर्णकालिक गृह मंत्री' की जरूरत है, क्योंकि मुख्यमंत्री दौरों में व्यस्त रहते हैं।
  2. कानून व्यवस्था पर सवाल: उन्होंने कहा कि जब राजधानी जयपुर में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश के बाकी हिस्सों का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
  3. देरी पर सवाल: पूर्व सीएम ने सवाल उठाया कि वीडियो वायरल होने के इतने समय बाद भी आरोपी फरार कैसे रहे?

कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे को लपकते हुए भाजपा सरकार को कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल बताया है।

सुरक्षा तंत्र पर उठते सवाल और पुलिस का जवाब

राजधानी में इस तरह की घटना होना पुलिस के सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान होते ही विशेष टीमें गठित कर दी गई थीं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस का मानना है कि इन चारों की गिरफ्तारी से शहर में मनचलों और रील बनाने के नाम पर अपराध करने वालों को कड़ा संदेश जाएगा।

Updated on:
12 Apr 2026 01:04 pm
Published on:
12 Apr 2026 01:03 pm