जयपुर

जयपुर में लाखों के जाली नोटों के साथ पकड़े गए आरोपियों ने खोले कई राज, कोलकाता व रोहतक भेजी पुलिस टीमें

बांग्लादेश के ढाका से हरियाणा के रास्ते जयपुर पहुंची जाली करेंसी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन राणा की तलाश तेज कर दी है। कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिए गए चार आरोपियों से पूछताछ में नीमकाथाना निवासी जीतू का नाम सामने आया है।
2 min read
Aug 24, 2026
jaipur fake currency
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो: पत्रिका

जयपुर। बांग्लादेश के ढाका से हरियाणा के रास्ते जयपुर पहुंची जाली करेंसी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन राणा की तलाश तेज कर दी है। कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिए गए चार आरोपियों से पूछताछ में नीमकाथाना निवासी जीतू का नाम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने सबसे ज्यादा नकली नोट हरियाणा में खपाए है। सीकर निवासी साहिल पिछले डेढ़ साल से कोलकाता में मौजूद रोहतक निवासी अमन राणा के संपर्क में था।

अमन का बांग्लादेश कनेक्शन सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने कोलकाता में गरीब लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल किए और इन्हीं में रकम का लेन-देन किया। वहीं, जाली नोटों की सप्लाई में इस्तेमाल लग्जरी गाड़ियां आरोपियों के रिश्तेदारों की निकलीं।

कोलकाता व रोहतक भेजीं टीमें

स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए रोहतक और कोलकाता पुलिस से इनपुट मांगे गए हैं। इसके लिए जयपुर से टीमें कोलकाता व रोहतक भेजी गई है। उल्लेखनीय है कि बजाज नगर पुलिस व सीएसटी ने कार्रवाई कर अंशुल, प्रियांशु, आकाश और साहिल से 4,30,500 रुपए के जाली नोट बरामद किए थे।

हरियाणा नंबर की गाड़ियों में आए

सीएसटी के कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह को सूचना मिली थी कि रिद्धि-सिद्धि चौराहे की तरफ से हरियाणा नंबर की दो कारों में कुछ युवक जाली नोटों की खेप लेकर गोपालपुरा पुलिया की ओर आ रहे हैं। उप निरीक्षक गिरवर सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल रामअवतार सहित टीम ने शुक्रवार रात करीब 12.55 बजे नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी लेने पर एक कार की चालक सीट के पीछे रखे आसमानी रंग के बैग से 500 रुपए के जाली नोटों की गड्डियां मिलीं।

चार आरोपियों से पूछताछ जारी

बजाज नगर थाना पुलिस और सीएसटी ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 लाख 30 हजार 500 रुपए के जाली नोट बरामद किए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल चौधरी (24 वर्ष) निवासी फतेहपुर सदर सीकर, अंशुल (24 वर्ष), प्रियांशु (21 वर्ष) और आकाश (26 वर्ष) निवासी रोहतक हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जाली नोट का मुख्य सरगना रोहतक निवासी अमन राणा से लाना बताया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक लाख रुपए के असली नोट देकर करीब पांच लाख रुपए के जाली नोट हासिल करते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जाली नोटों की बड़ी खेप आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी में थे।

Updated on:
24 Aug 2026 10:34 am
Published on:
24 Aug 2026 10:34 am