
Family Fight: जयपुर के भट्टाबस्ती इलाके में छत पर कमरा बनाने की बात को लेकर एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। पहले घर में कहासुनी हुई, फिर देर रात दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाकर दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जयपुर के भट्टाबस्ती थाना इलाके के संजय नगर में रहने वाली 42 वर्षीय समीना ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे परिवार के सभी लोग छत पर कमरा बनाने के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए बैठे थे। परिवार की बुजुर्ग महिला की सहमति मिलने के बाद उनके जेठ शब्बीर ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में तेज विवाद में बदल गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बहस बढ़ने के बाद शब्बीर ने अपने बेटों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। दूसरे पक्ष के लोगों ने भी जवाब दिया, जिससे दोनों परिवारों के बीच हाथापाई हो गई। आसपास मौजूद लोगों और परिवार के अन्य सदस्यों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय शब्बीर ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी, जिससे घर के लोग डरे हुए थे।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। रात को 12:30 बजे शब्बीर ने हसनपुरा में रहने वाले अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बुला लिया। इसके बाद कई लोग लाठी-डंडे लेकर घर पहुंचे और परिवार पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के छह लोग घायल हो गए। हमले के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर भट्टाबस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने समीना की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी अपना परिवाद पुलिस को सौंपा है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।