
Jaipur Firecracker Factory Blast Update: जयपुर: खोह नागोरियान क्षेत्र की अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके और आगजनी के मुख्य आरोपी कयूम खान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की जान चली गई थी और कई परिवार पूरी तरह उजाड़ हो गए थे। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसे पुलिस टीमों ने एक बड़े सर्च ऑपरेशन के बाद आगरा रोड से दबोचा है।
9 जून को करीम नगर-बी तलाई स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई थी। आग के बाद वहां एक बड़ा विस्फोट हुआ, जिसने आठ लोगों की जान ले ली। जांच में सामने आया कि यह फैक्ट्री पूरी तरह गैरकानूनी तरीके से बिना किसी अनुमति के चलाई जा रही थी।
हादसे के बाद राक्ष्या की ढाणी निवासी मुख्य आरोपी कयूम खान मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जयपुर, दिल्ली और गाजियाबाद समेत कई शहरों में लगातार दबिश दी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए दिल्ली होते हुए अलीगढ़ भाग गया था।
मंगलवार को जब आरोपी कयूम अलीगढ़ से वापस जयपुर की तरफ लौट रहा था, तब पुलिस को मुखबिर से उसकी सटीक लोकेशन की सूचना मिली। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाई और उसे भरतपुर से जयपुर की ओर आते समय आगरा रोड पर दबोच लिया। पुलिस अब कयूम को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल उसके अन्य सहयोगियों और मददगारों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
इस दर्दनाक दुखांतिका के बाद प्रशासन और पुलिस की नींद टूटी। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर डोर-टू-डोर सर्वे और सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच टीमों ने करीब 200 मकानों और कई कॉलोनियों को खंगाला।
इस अभियान के दौरान लक्ष्मी नगर कॉलोनी में अवैध रूप से चल रहे नकली पनीर के एक बड़े गोदाम का भी पर्दाफाश हुआ, जहां से करीब 260 किलो नकली पनीर जब्त किया गया। इसके अलावा, क्षेत्र में चल रही 30 से अधिक अवैध फैक्ट्रियों, गोदामों और कबाड़ इकाइयों को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है।